India Meteorological Department के ताजा अपडेट के अनुसार, Delhi-NCR में आज लोगों को चुभन भरी गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने दिनभर हल्के बादल छाए रहने और कई इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। इसके चलते अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
रविवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि इन तेज हवाओं और संभावित बारिश से गर्मी का असर कुछ कम हो सकता है।
AQI ‘मध्यम’ श्रेणी में
सुबह करीब 9:30 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 140 दर्ज किया गया, जिसे ‘मध्यम’ श्रेणी में रखा जाता है। एनसीआर के अन्य शहरों में भी हवा की गुणवत्ता संतोषजनक से मध्यम श्रेणी में बनी हुई है। फिलहाल इसमें बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
धूप और उमस ने किया बेहाल
मानसून की दस्तक का इंतजार कर रहे लोगों को फिलहाल तेज धूप और उमस का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को सुबह से शाम तक चिलचिलाती धूप का असर बना रहा। बीच-बीच में बादल जरूर आए, लेकिन तापमान में खास गिरावट नहीं दर्ज की गई।
गर्मी और उमस के कारण बाजारों और सड़कों पर लोगों की आवाजाही भी कम दिखाई दी। बाहर निकलने वाले लोग छाते, गमछे और टोपी का सहारा लेते नजर आए।
गाजियाबाद में भी गर्मी बरकरार
Ghaziabad में शनिवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। दिनभर लगभग 16 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, लेकिन गर्म हवाओं के कारण राहत नहीं मिल सकी। 35 प्रतिशत नमी के कारण उमस और ज्यादा महसूस हुई।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है और हल्की बारिश के साथ तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज हो सकती है।