नई दिल्ली- दिल्ली-एनसीआर में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और बुधवार को भी राजधानी में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पूरे दिन के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले सात दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा और राजधानी में मौसम सुहावना बना रहेगा। लगातार हो रही बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है, वहीं हवा की गुणवत्ता में भी सुधार दर्ज किया गया है।
31.2 डिग्री रहा अधिकतम तापमान
IMD के मुताबिक मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री कम है। दिनभर नमी का स्तर 81 से 100 प्रतिशत के बीच बना रहा, जिससे वातावरण में ठंडक महसूस की गई।
पिछले 24 घंटे में बारिश और तेज हवाओं का असर
बीते 24 घंटों के दौरान दिल्ली के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलीं, जिससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आई। इस दौरान दक्षिण-पूर्वी दिशा से 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।
आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे। राजधानी के अलग-अलग इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। सुबह से दोपहर तक 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि झोंकों की गति 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
जलभराव वाले इलाकों से बचने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को बारिश के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर उन इलाकों में जाने से बचने की अपील की गई है, जहां जलभराव की संभावना रहती है। शाम और रात के समय भी राजधानी के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है। प्रशासन भी संभावित जलभराव और ट्रैफिक प्रभावित क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए है।