New Delhi: राष्ट्रपति भवन के ‘दरबार हॉल', ‘अशोक हॉल' का नाम बदल दिया गया है। अशोक हॉल का नाम बदलकर अशोक मंडप किया गया है। वहीं अब राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल को गणतंत्र मंडप के नाम से जाना जाएगा। आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के दो वर्ष पूरे हुए हैं। इस मौके पर राष्ट्रपति भवन के हॉल के नाम बदल दिए गए हैं। नतीजतन अब राष्ट्रपति भवन के ‘दरबार हॉल', ‘अशोक हॉल' का नाम बदलकर क्रमशः ‘गणतंत्र मंडप', और ‘अशोक मंडप' कर दिया गया। राष्ट्रपति भवन हॉल के नाम बदले जाने पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी प्रतिक्रिया दी है। राहुल गांधी ने कहा कि अशोक अच्छा नाम है।
अशोक हॉल (अशोक मंडप) की खासियत
अशोक हॉल जिसे अब अशोक मंडप के नाम से जाना जाएगा। राष्ट्रपति भवन की ऑफिशियली बेवसाइट के मुताबिक इसकी रोचक बात यह है कि कलात्मक रूप से निर्मित विशाल यह स्थान अब महत्त्वपूर्ण समारोहिक आयोजनों, विदेशों के मिशनों के प्रमुखों के पहचान-पत्र प्रस्तुत करने के लिए प्रयोग किया जाता है जिसे पहले स्टेट बॉल रूम के लिए उपयोग में लाया जाता था। इस कमरे की छत और फर्श दोनों का ही अपना आकर्षण है जबकि फर्श पूर्ण रूप से लकड़ी का बना हुआ है और इसकी सतह के नीचे स्प्रिंग लगे हुए हैं, अशोक हॉल की छतें तैल पेंटिंगों से सुसज्जित हैं।
दरबार हॉल (गणतंत्र मंडप) में क्या खास
राष्ट्रपति भवन का सर्वाधिक भव्य कक्ष दरबार हॉल ही है, जिसका नाम अब गणतंत्र मंडप कर दिया गया है। दरबार हॉल को पहले थ्रोन रूम के नाम से जाना जाता था और जहां पंडित जवाहरलाल नेहरू के नेतृत्व में स्वतंत्र भारत की प्रथम सरकार ने 15 अगस्त, 1947 को शपथ ली थी। साल 1948 में सी. राजगोपालाचारी ने भी भारत के गवर्नर जनरल के रूप में दरबार हॉल में शपथ ली थी। साल 1977 में राष्ट्रपति फखरूद्दीन अली अहमद के निधन के गंभीर अवसर पर दरबार हॉल को भारत के पांचवे राष्ट्रपति को श्रद्धांजलि देने के लिए इस्तेमाल किया गया था। इस जगह पर राष्ट्र के माननीय राष्ट्रपति द्वारा असैन्य और सैन्य सम्मान दिए जाते हैं और नई सरकार के शपथ समारोह दरबार हॉल में ही आयोजित किए जाते हैं।
Comments (0)