मणिपुर में आज मंगलवार की सुबह भूकंप के झटकों से अफरा-तफरी मच गई। सुबह-सुबह आए तेज झटकों के कारण लोग डर के मारे अपने घरों से बाहर निकलकर सड़कों पर आ गए। नींद में सो रहे कई लोग अचानक झटकों से जाग गए और सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। इस भूकंप की पुष्टि नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी ने की है।
रिक्टर स्केल पर 5.2 रही तीव्रता
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.2 मापी गई है। इसके चलते कई इलाकों में तेज झटके महसूस किए गए। भारतीय समयानुसार यह भूकंप सुबह 5:59:33 बजे आया।
कामजोंग था भूकंप का केंद्र
आधिकारिक जानकारी के अनुसार इस भूकंप का केंद्र कामजोंग क्षेत्र में था। यह झटका जमीन की सतह से लगभग 62 किलोमीटर की गहराई पर दर्ज किया गया, जिसे मध्यम गहराई का भूकंप माना जाता है।फिलहाल राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना सामने नहीं आई है।
उत्तर भारत में भी महसूस हुए थे झटके
इससे पहले भी इसी महीने उत्तर भारत के कई हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे, जिनमें दिल्ली-एनसीआर, पंजाब और हरियाणा शामिल थे। उस समय भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान में बताया गया था और झटके कई सेकंड तक महसूस किए गए थे।