योगी आदित्यनाथ आज मंगलवार की शाम अपने दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचेंगे। अपने इस दौरे के दौरान वे प्रधानमंत्री के संभावित काशी दौरे की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। साथ ही प्रस्तावित सभा स्थल बीएलडब्ल्यू का निरीक्षण भी करेंगे। इसके अलावा वे विभिन्न विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर तथा काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन भी करेंगे।
शाम 5 बजे के बाद वाराणसी पहुंचेंगे सीएम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम करीब 5 बजे हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचेंगे। वहां से वे सीधे सर्किट हाउस जाएंगे, जहां कुछ समय विश्राम के बाद वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित काशी दौरे की तैयारियों की समीक्षा करेंगे।इस दौरान शहर में चल रही केंद्र सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और प्रस्तावित लोकार्पण एवं शिलान्यास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी।
कानून व्यवस्था की भी होगी समीक्षा बैठक
मुख्यमंत्री इस दौरे में कानून-व्यवस्था को लेकर भी उच्च स्तरीय बैठक करेंगे। इस बैठक में वरिष्ठ अधिकारी और भाजपा के जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। सीएम फीडबैक के आधार पर आवश्यक निर्देश और कार्रवाई भी कर सकते हैं। इसे लेकर सभी विभागों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।