उत्तरप्रदेश में भीषण गर्मी को देखते हुए योगी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब 8वीं कक्षा तक के सभी परिषदीय स्कूलों का समय बदल दिया गया है। नई व्यवस्था के अनुसार स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक चलेंगे, जबकि बच्चों की छुट्टी दोपहर 12:30 बजे कर दी जाएगी। इसी समय-सारणी को मदरसों में भी लागू किया जाएगा।
8वीं तक स्कूलों का समय बदला
बेसिक शिक्षा निदेशक ने बताया कि शिक्षक दोपहर 1:30 बजे तक स्कूल में मौजूद रहेंगे। वहीं अब तक स्कूलों का समय सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक था। निजी स्कूलों में समय बदलाव का निर्णय प्रबंधन समिति द्वारा लिया जाएगा।लखनऊ के डीएम ने जानकारी दी कि निजी स्कूलों के समय में बदलाव को लेकर मंगलवार को आदेश जारी किया जाएगा।
यूपी में 5 दिन लू का अलर्ट जारी
भीषण गर्मी के चलते सोमवार को अधिकतर जिलों में तेज धूप रही। 27 जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। प्रयागराज, वाराणसी और बहराइच में गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया, जबकि बाराबंकी, सुल्तानपुर, शाहजहांपुर और हरदोई में उमस बनी रही।
मौसम विभाग (भारतीय मौसम विभाग) ने अगले 5 दिनों तक लू चलने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार रात के तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी, जिससे गर्मी का असर और अधिक तेज हो सकता है।