पश्चिम बंगाल की 144-फाल्टा विधानसभा सीट पर चुनाव आयोग ने बड़ा और सख्त फैसला लिया है। 29 अप्रैल 2026 को हुए मतदान के दौरान बड़ी संख्या में पोलिंग स्टेशनों पर गंभीर चुनावी अपराध और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की शिकायतों के बाद भारतीय चुनाव आयोग (ECI) ने पूरे क्षेत्र में दोबारा मतदान कराने का निर्देश दिया है।
सभी 285 पोलिंग स्टेशनों पर होगा फ्रेश पोल
चुनाव आयोग के आदेश के मुताबिक, फाल्टा विधानसभा क्षेत्र के सभी 285 पोलिंग स्टेशनों, जिनमें सहायक (Auxiliary) पोलिंग स्टेशन भी शामिल हैं, पर फिर से मतदान कराया जाएगा। यह फैसला चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए लिया गया है।
21 मई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान
ECI ने स्पष्ट किया है कि 21 मई 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक सभी बूथों पर फ्रेश पोल कराया जाएगा। प्रशासन को सुरक्षा और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए विशेष निर्देश भी दिए गए हैं।
24 मई को होगी मतगणना
फ्रेश पोल के बाद 24 मई 2026 को वोटों की गिनती की जाएगी। इस फैसले के बाद फाल्टा सीट पर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और सभी दलों की नजर अब दोबारा होने वाले मतदान पर टिकी है।
चुनावी माहौल फिर गरम
पूरे विधानसभा क्षेत्र में दोबारा मतदान के आदेश ने राजनीतिक दलों के बीच हलचल बढ़ा दी है। विपक्ष इसे लोकतंत्र की जीत बता रहा है, वहीं सत्तारूढ़ दल इस फैसले को लेकर अपनी रणनीति तैयार कर रहा है।