टीएमसी सांसद कीर्ति आजाद ने केंद्र की मोदी सरकार पर पक्षपात का आरोप लगाया है। आजाद ने कहा है कि, केंद्र सरकार द्वारा बंगाल को जानबूझकर बदनाम और परेशान किया जा रहा है। राज्य को पर्याप्त धन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है और सीएम ममता बनर्जी अकेले ही यह लड़ाई लड़ रही हैं।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बड़ा कोई नेता नहीं है
कीर्ति आजाद ने आगे राज्य की सीएम की तारीफ करते हुए कहा कि, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बड़ा कोई नेता नहीं है। उन्हें इंडिया ब्लॉक का नेता होना चाहिए। आने वाले समय में वह प्रधानमंत्री भी बनेंगी। टीएमसी सांसद ने आगे कहा कि, जहां पर भारतीय जनता पार्टी की सरकार नहीं है और जितने भी राज्य विपक्षी हैं खासतौर पर पश्चिम बंगाल के साथ अन्याय हो रहा है। बंगाल में भाजपा की दाल नहीं गलती है। इसलिए यहां पर अन्याय और अत्याचार करते हैं। आवास योजना के पैसे हमारी सरकार ने दिए हैं। बुजुर्ग पेंशन के पैसे हमारे लोग दे रहे हैं।
विपक्षी सरकारों को केंद्र जानबूझकर परेशान कर रहा
मोदी सरकार पर आरोप लगाते हुए उन्होंने आगे कहा कि, केंद्र सरकार की ओर से बंगाल के लिए बहुत सारी योजनाएं आनी चाहिए। लेकिन नहीं आ रही हैं। कीर्ति आजाद ने आगे कहा है कि, जीएसटी का पैसा 1 लाख 83 हजार करोड़ रुपये साल 2021 से नहीं दिया गया है। यह पैसा केंद्र का नहीं है, यह हमारे हक का पैसा है जो हमें मिलना चाहिए। टीएमसी सांसद ने कहा कि, विपक्ष की जितनी भी सरकारें हैं, उन्हें यह जानबूझकर पैसा नहीं देते हैं। लड़ना है तो सामने से लड़ो। लेकिन यह लोग पीछे से लड़ते हैं। 1925 में आरएसएस की स्थापना हुई। हिन्दू धर्म तो हजारों साल पहले का है।
डीएपी खाद रबी फसल के लिए बहुत जरूरी है
टीएमसी सांसद ने आगे कहा है कि, डीएपी खाद रबी फसल (आलू, चावल) के लिए बहुत जरूरी है। इस खाद की कमी है। उन्होंने कहा कि, प्राइवेट कंपनियां नहीं मंगा रही हैं। क्योंकि उन्हें डीएपी खाद के लिए ज्यादा पैसा लग रहा है। सरकार ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की है। आपको बता दें कि, नवंबर माह में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र की मोदी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा था कि, ग्रामीण आवास योजना के लिए केंद्र द्वारा तीन साल से पैसा नहीं दिया गया है।
Comments (0)