गुजरात के गांधीनगर के पास कुडासन इलाके में बुधवार रात करीब 9 बजे बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन कमर्शियल प्रोजेक्ट में दो इमारतों को जोड़ने के लिए बनाया जा रहा स्लैब अचानक गिर गया। हादसे के दौरान नीचे काम कर रहे कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए।हादसे के बाद राहत और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। साइट मैनेजर के मुताबिक अब मलबे में कोई मजदूर नहीं फंसा है।
निर्माणाधीन इमारत का हिस्सा अचानक गिरा
कुडासन स्थित ‘बॉस्की द एंपायर’ कमर्शियल मॉल प्रोजेक्ट में बुधवार रात निर्माण कार्य चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो बिल्डिंग को जोड़ने के लिए स्लैब तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक स्लैब का हिस्सा नीचे आ गिरा।शुरुआत में हादसे की वजह क्रेन गिरना बताई गई थी, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा स्लैब गिरने से हुआ। इसके नीचे काम कर रहे कई मजदूर दब गए।
15 मजदूर घायल, कुछ ICU में भर्ती
गुजरात के डिप्टी सीएम के मुताबिक हादसे में कुल 15 मजदूर घायल हुए हैं। इनमें कुछ मजदूरों की हालत गंभीर बताई गई है और उन्हें ICU में रखा गया है। वहीं तीन मजदूरों को मामूली चोटें आई हैं।हादसे के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
100 टन से ज्यादा वजन का था स्लैब?
हादसे के चश्मदीदों का दावा है कि गिरे हुए स्लैब का वजन 100 टन से ज्यादा था। भारी मलबे को हटाने के लिए बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी।साइट मैनेजर ने पुष्टि की है कि अब मलबे में कोई मजदूर मौजूद नहीं है। हालांकि प्रशासन की ओर से कहा गया है कि जब तक पूरा मलबा हट नहीं जाता, तब तक राहत और बचाव अभियान जारी रखा जाएगा।