BRICS Summit 2026: देश की राजधानी नई दिल्ली में आयोजित होने जा रहे ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था अभेद्य कर दी गई है। दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित वीआईपी होटलों, आईएएफ पालम एयरपोर्ट और मुख्य कार्यक्रम स्थल भारत मंडपम पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सम्मेलन में भाग लेने के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 11 सितंबर और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 12 सितंबर को दिल्ली पहुंचेंगे। दोनों वैश्विक नेताओं के आगमन को देखते हुए दिल्ली पुलिस और पैरामिलिट्री बलों के लगभग 30,000 जवानों को तैनात किया गया है।
चाणक्यपुरी के होटलों में 3-स्तरीय सुरक्षा और उन्नत हथियार
रूस और चीन के राष्ट्रपतियों के ठहराव को लेकर चाणक्यपुरी क्षेत्र के होटलों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दोनों देशों की एडवांस्ड सिक्योरिटी टीमें उन्नत हथियारों और आधुनिक सुरक्षा उपकरणों के साथ पहले ही दिल्ली पहुंच चुकी हैं। होटलों के ग्राउंड फ्लोर से लेकर वीआईपी कमरों के कॉरिडोर और छतों तक स्नाइपर्स व सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा, होटल के प्रत्येक कर्मचारी का दिल्ली पुलिस और उनके गृह राज्यों के पुलिस रिकॉर्ड से सत्यापन (Verification) पूरा कर लिया गया है।

स्पेशल सेल के हवाले चीनी राष्ट्रपति की सुरक्षा, पुतिन के लिए एडीसीपी स्तर के अफसर
सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की सुरक्षा का जिम्मा दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को सौंपा गया है। वहीं, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन जिस होटल में ठहरेंगे, वहां पाली (Shift) के हिसाब से एक एडिशनल डीसीपी और दो एसीपी स्तर के अधिकारी तैनात रहेंगे। दोनों नेता अपने विशेष सुरक्षा वाहनों और काफिले की गाड़ियों को विमान के जरिए सीधे दिल्ली ला रहे हैं।
विदेश से आने वाले राष्ट्राध्यक्षों का होटल वाइज अलॉटमेंट
सुरक्षा और प्रोटोकॉल के लिहाज से विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों और प्रतिनिधियों के लिए अलग-अलग होटल निर्धारित किए गए हैं:
- होटल A: चीन और बेलारूस के राष्ट्रपति एक ही होटल में ठहरेंगे।
- होटल B: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और बांग्लादेश के वीआईपी प्रतिनिधिमंडल का ठहराव एक साथ होगा।
- होटल C: इंडोनेशिया, कजाकिस्तान के राष्ट्रपति, इथियोपिया के प्रधानमंत्री और थाईलैंड के उपमुख्यमंत्री इसी होटल में रुकेंगे।
- होटल D: अबु धाबी के क्राउन प्रिंस के साथ सऊदी अरब, बहरीन और ब्राजील के वित्त मंत्री ठहरेंगे।
- होटल E: दक्षिण अफ्रीका और बुरुंडी के राष्ट्रपति एक साथ ठहरेंगे।
- होटल F: फिलीपींस के राष्ट्रपति, वियतनाम के प्रधानमंत्री, बोलीविया के प्रतिनिधि और क्यूबा-उरुग्वे के वित्त मंत्रियों के लिए एक होटल तय है।
- होटल G: मलेशिया के प्रधानमंत्री, नाइजीरिया के राज्य मंत्री, युगांडा के उपराष्ट्रपति और संयुक्त राष्ट्र (UN) महासचिव एक ही होटल में रुकेंगे।
- अलग व्यवस्था: ईरान के राष्ट्रपति के लिए एक पूरी तरह से पृथक होटल की व्यवस्था की गई है।

भारत मंडपम में ऐसा रहेगा दिग्गजों के आगमन का शेड्यूल
सभी राष्ट्राध्यक्ष और शासनाध्यक्ष शनिवार को दोपहर 1:30 बजे से 2:15 बजे के बीच भारत मंडपम पहुंचेंगे। वहीं, रविवार को सुबह 8:50 बजे से 9:25 बजे के बीच उनका आगमन होगा। दोनों दिन सबसे पहले पहुंचने वाले दिग्गजों में यूएई के क्राउन प्रिंस शामिल होंगे, जबकि सबसे अंत में चीनी राष्ट्रपति और उनके बाद रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पहुंचेंगे। ट्रैफिक पुलिस ने काफिलों की आवाजाही के लिए विशेष रूट तय किए हैं और इसके लिए कई बार रिहर्सल भी पूरी की जा चुकी है।