हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश में रेल यात्रियों की सुविधाएं बढ़ाने और नई रेल सेवाएं शुरू करने को लेकर सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अंब अंदौरा-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस में स्थानीय यात्रियों के लिए सीट कोटा बढ़ाने की मांग उठाई। साथ ही अंब अंदौरा से मुंबई के लिए नई एक्सप्रेस ट्रेनें चलाने, हरिद्वार के लिए रात्रिकालीन रेल सेवा शुरू करने और चंडीगढ़ तक आने वाली आठ प्रमुख ट्रेनों का विस्तार हिमाचल तक करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने ऊना-अंब अंदौरा रेल कॉरिडोर में यात्री सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी की।
वंदे भारत एक्सप्रेस में स्थानीय यात्रियों का सीट कोटा बढ़ाने की मांग
सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के सामने अंब अंदौरा-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस में स्थानीय यात्रियों के लिए सीट कोटा बढ़ाने का मुद्दा उठाया।उन्होंने कहा कि सीमित सीट कोटे के कारण अंब अंदौरा से यात्रा करने वाले यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में परेशानी होती है। ऐसे में स्थानीय यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सीटों का कोटा बढ़ाया जाना जरूरी है।
अंब अंदौरा से मुंबई के लिए दो नई एक्सप्रेस ट्रेनें चलाने का प्रस्ताव
सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश के रेल संपर्क को बेहतर बनाने के लिए अंब अंदौरा से मुंबई तक नई रेल सेवाएं शुरू करने का प्रस्ताव दिया।इसमें मुंबादेवी-चिंतपूर्णी सुपरफास्ट एक्सप्रेस सहित दो नई एक्सप्रेस ट्रेनें चलाने की मांग शामिल है। इससे हिमाचल के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए बेहतर रेल सुविधा मिल सकेगी।
हरिद्वार के लिए रात्रिकालीन ट्रेन सेवा शुरू करने की मांग
सांसद ने अंब अंदौरा-हरिद्वार मेमू और ऊना हिमाचल-हरिद्वार लिंक जनशताब्दी की समयसारणी में बदलाव करने का सुझाव दिया।उन्होंने इन ट्रेनों को रात्रिकालीन सेवा के रूप में संचालित करने की मांग की, ताकि ट्रेन सुबह चार बजे तक हरिद्वार पहुंच सके। इससे यात्रियों को हरिद्वार की यात्रा में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
चंडीगढ़ तक आने वाली 8 ट्रेनों का हिमाचल तक हो विस्तार
सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने चंडीगढ़ तक आने वाली आठ प्रमुख ट्रेनों का विस्तार हिमाचल प्रदेश के रेलवे स्टेशनों तक करने का सुझाव भी दिया।उन्होंने इन ट्रेनों को ऊना हिमाचल, अंब अंदौरा या दौलतपुर चौक तक चलाने की मांग रखी। इससे हिमाचल के यात्रियों को रेल कनेक्टिविटी का अधिक लाभ मिल सकेगा।
ऊना रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के लिए बजट बढ़ाने का आग्रह
सांसद ने ऊना रेलवे स्टेशन के अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास के लिए बजट बढ़ाने की मांग की।उनका कहना है कि रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराया जाना चाहिए, ताकि यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिल सकें।
अंब अंदौरा में जीआरपी थाना स्थापित करने की मांग
रेल यात्रियों की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने अंब अंदौरा रेलवे स्टेशन पर जीआरपी थाना स्थापित करने का आग्रह किया।उन्होंने ऊना-अंब अंदौरा रेल कॉरिडोर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और यात्री सुविधाओं के विस्तार से जुड़े प्रस्ताव भी रेल मंत्री को सौंपे।