नई दिल्ली- देशभर में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मध्य भारत, पूर्वी भारत और पूर्वोत्तर के 18 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है, जबकि दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में गरज-चमक, तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
18 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
IMD के अनुसार उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, गुजरात, हरियाणा, तेलंगाना, ओडिशा, केरल, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर समेत 18 राज्यों में भारी बारिश की संभावना है। कई क्षेत्रों में 30 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
दिल्ली में गरज-चमक के साथ तेज बारिश
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को पूरे दिन बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और तेज बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान लगाया है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। हालांकि 23 जुलाई के बाद मौसम में कुछ राहत मिलने के संकेत हैं।
उत्तर प्रदेश में कई जिलों के लिए बारिश की चेतावनी
उत्तर प्रदेश के मेरठ, आगरा, मथुरा, बरेली, प्रयागराज, झांसी, बांदा, चित्रकूट, सोनभद्र, मिर्जापुर, बिजनौर, अलीगढ़ समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी और पूर्वी यूपी में अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, जबकि पूर्वी यूपी में 23 से 27 जुलाई के बीच कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
बिहार में ऑरेंज और येलो अलर्ट
बिहार के पटना, रोहतास, नवादा और कैमूर सहित कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं गया, औरंगाबाद, जहानाबाद, बक्सर, सारण, सिवान, वैशाली, समस्तीपुर और बेगूसराय समेत 13 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले 24 से 48 घंटों के दौरान तेज बारिश और आंधी की संभावना बनी हुई है।
हिमाचल में रेड अलर्ट, उत्तराखंड में भी खतरा
हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सोलन, किन्नौर और सिरमौर जिलों में अत्यधिक भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, बागेश्वर और अल्मोड़ा समेत कई जिलों में 27 जुलाई तक भारी बारिश और भूस्खलन की आशंका जताई गई है।
समुद्र में जाने पर रोक, मछुआरों को चेतावनी
मौसम विभाग ने 22 से 25 जुलाई के बीच अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के तटीय क्षेत्रों में तेज हवाओं और खराब समुद्री मौसम को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है। प्रशासन ने तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की है।