देशभर में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली समेत कई राज्यों में बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। उत्तर भारत, पूर्वोत्तर, मध्य भारत और पश्चिमी राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। कई इलाकों में जलभराव, बाढ़ और भूस्खलन का खतरा भी जताया गया है।
दिल्ली में आज बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने बारिश और आंधी-तूफान का येलो अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के अनुसार, दोपहर तक गर्म और उमस भरा मौसम रहेगा, लेकिन इसके बाद हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। विभाग ने 23 जुलाई तक लगातार बारिश के आसार जताए हैं।
20 से 22 जुलाई तक यूपी, दिल्ली और पंजाब में भारी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार 20 से 22 जुलाई के बीच दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 से 22 जुलाई तक भारी से बहुत भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।
उत्तराखंड और हिमाचल में बाढ़ और भूस्खलन का खतरा
उत्तराखंड में 18 से 21 जुलाई और हिमाचल प्रदेश में 19 से 22 जुलाई के बीच भारी बारिश की संभावना है। आईएमडी ने उत्तराखंड के कई जिलों में अगले 24 घंटे के लिए फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) का खतरा जताया है। देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, उत्तरकाशी, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में निचले इलाकों में जलभराव और भूस्खलन की आशंका बनी हुई है।
बिहार, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी बारिश
मौसम विभाग ने बिहार में भी आज बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 18 और 19 जुलाई को अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी लगातार भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
मध्य प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र में भी बरसेंगे बादल
पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ, महाराष्ट्र, कोंकण-गोवा और गुजरात के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश होने की संभावना है। मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि राजस्थान के कई इलाकों में भी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
दक्षिण भारत में भी जारी रहेगा बारिश का दौर
आईएमडी के अनुसार केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और रायलसीमा में भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। विशेष रूप से तेलंगाना में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
लोगों के लिए मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने, आकाशीय बिजली के समय खुले स्थानों में न रुकने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। पहाड़ी राज्यों में यात्रा करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।