नई दिल्ली - भारत-चीन सीमा को लेकर रक्षा मंत्रालय की सालाना रिपोर्ट में अहम जानकारी सामने आई है। 2025-26 की रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2025 के दौरान उत्तरी सीमाओं पर चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी यानी PLA की तैनाती में कमी दर्ज की गई। रिपोर्ट के अनुसार, चीन ने वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के सामने अपने सैनिकों की संख्या घटाई है।

उत्तरी सीमा पर करीब 10 ब्रिगेड के बराबर बल
रक्षा मंत्रालय की रिपोर्ट में बताया गया है कि चीन की ओर से उत्तरी सीमाओं और पारंपरिक प्रशिक्षण क्षेत्रों में अब करीब 10 कंबाइंड आर्म्स ब्रिगेड के बराबर सैन्य बल तैनात है। इसे LAC पर पहले की तुलना में तैनाती में कमी के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, सीमा पर चीन की सैन्य गतिविधियों पर भारत लगातार नजर बनाए हुए है और किसी भी संभावित चुनौती से निपटने के लिए अपनी तैयारियों को मजबूत रखे हुए है।

LAC पर भारतीय सेना की तैनाती मजबूत
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत की ओर से सभी LAC सेक्टर में सेना की तैनाती मजबूत बनी हुई है। भारतीय सेना को किसी भी उभरती सुरक्षा चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार और उचित स्थिति में बताया गया है। रक्षा मंत्रालय ने यह भी संकेत दिया है कि सीमा पर सैन्य तैयारियों के साथ-साथ बातचीत और कूटनीतिक प्रयासों को भी आगे बढ़ाया जा रहा है।

बातचीत से सीमा पर बढ़ी स्थिरता
रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत और चीन के बीच राजनीतिक, कूटनीतिक और सैन्य स्तर पर सकारात्मक संवाद के चलते उत्तरी सीमाओं पर हालात में पहले की तुलना में अधिक स्थिरता आई है। दोनों देशों के बीच सैन्य स्तर की बातचीत भी फिर शुरू हुई है। इसमें अक्टूबर 2025 में पूर्वी लद्दाख में हुई 23वीं कोर कमांडर स्तर की बैठक शामिल है।

तनाव कम करने की कोशिश जारी
भारत और चीन के बीच सीमा विवाद को लेकर सैन्य वार्ता के जरिए लंबित मुद्दों को सुलझाने और तनाव कम करने का प्रयास जारी है। रक्षा मंत्रालय की रिपोर्ट से संकेत मिलता है कि सीमा पर सैन्य सतर्कता बरकरार रखते हुए दोनों देश संवाद के माध्यम से स्थिति को स्थिर करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।