नई दिल्ली- जंतर-मंतर से संसद तक निकाले गए छात्र मार्च के दौरान दिल्ली में तनावपूर्ण स्थिति देखने को मिली। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने लाठीचार्ज किया और करीब 20 से 25 मिनट तक आंसू गैस के गोले दागे। घटना के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला।
संसद मार्च के दौरान छात्रों पर लाठीचार्ज
देश के मानसून सत्र के बीच जंतर-मंतर से संसद तक निकले मार्च के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए बल प्रयोग किया। सुरक्षा कारणों से संसद भवन का मुख्य प्रवेश द्वार बंद कर दिया गया, जबकि सांसदों की आवाजाही के लिए एक छोटा गेट खुला रखा गया। पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया।
खड़गे का सरकार और PM मोदी पर हमला
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि सरकार युवाओं और छात्रों की आवाज़ दबाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा, "अगर आपको परीक्षा कराना नहीं आता तो सिंहासन खाली करो, जनता आएगी।" खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पूरे मामले की जिम्मेदारी लेने की बात कही और सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
NEET और अन्य मुद्दों को लेकर साधा निशाना
खड़गे ने अपने बयान में NEET परीक्षा, युवाओं की परेशानियों और अन्य मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार अपनी कमजोरियों को छिपाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री के हालिया बयानों की आलोचना करते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री को समस्याओं का समाधान करना चाहिए, न कि राजनीतिक तंज कसना चाहिए।
अभिजीत दीपके की गिरफ्तारी पर विरोधाभास
CJP सदस्य सौरभ दास ने दावा किया कि अभिजीत दीपके को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इस दावे से इनकार करते हुए कहा कि उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया है। सौरभ दास ने यह भी बताया कि सरकार की ओर से बातचीत की पहल हुई और भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा से उनकी करीब 10 मिनट की मुलाकात हुई।
संसद भवन की सुरक्षा बढ़ी, डिंपल यादव को हिरासत में लेने का दावा
प्रदर्शन को देखते हुए संसद परिसर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। वहीं, समाजवादी पार्टी ने दावा किया कि उनकी सांसद डिंपल यादव को भी हिरासत में लिया गया है। पार्टी ने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की है।