अमेठी। 2014 लोकसभा चुनाव के दौरान आचार संहिता उल्लंघन के मामले में आम आदमी पार्टी से जुड़े बड़े चेहरों की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। Kumar Vishwas, Somnath Bharti और Satyendar Jain के खिलाफ दर्ज मामला अब MP-MLA की विशेष अदालत में पहुंच गया है। अदालत ने सुनवाई करते हुए अगली तारीख 15 मई तय की है।
चुनाव प्रचार खत्म होने के बाद भी ठहरने का आरोप
यह मामला अमेठी संसदीय क्षेत्र से जुड़ा है, जहां 2014 चुनाव के दौरान आरोप लगा था कि प्रचार अवधि समाप्त होने के बाद भी पार्टी से जुड़े बाहरी लोग क्षेत्र में मौजूद रहे। बताया गया कि महमूदपुर स्थित आवास पर लोगों के ठहरने से आचार संहिता का उल्लंघन हुआ।
2014 में दर्ज हुई थी एफआईआर
इस मामले में 5 मई 2014 को तत्कालीन कोतवाल मोहम्मद हमीद ने तीनों नेताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद 27 अक्तूबर 2014 को पुलिस ने चार्जशीट दाखिल की और 30 अक्तूबर को अदालत ने समन जारी किया।
MP-MLA कोर्ट में ट्रांसफर हुआ केस
अब तक यह मामला एसीजेएम चतुर्थ की अदालत में चल रहा था, लेकिन पूर्व विधायक से जुड़ा होने के कारण इसे MP-MLA की विशेष अदालत में ट्रांसफर कर दिया गया है। यहां आगे की सुनवाई होगी।