देश के कई हिस्सों में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। उत्तरप्रदेश-छत्तीसगढ़ बॉर्डर के पास रुका मानसून 23 जून के आसपास आगे बढ़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में मानसून को आगे बढ़ाने वाले सिस्टम सक्रिय हो गए हैं।
MP-राजस्थान समेत 20 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट
बीते 15 दिनों में मानसून 19 राज्यों तक पहुंच चुका है, लेकिन इसकी पश्चिमी शाखा 8 जून से तेलंगाना के भद्राचलम के पास ठहरी हुई है। वहीं, पूर्वी शाखा उत्तर प्रदेश-बिहार सीमा तक पहुंचने के बाद पिछले 9 दिनों से महराजगंज के आसपास रुकी हुई है।
देश के अधिकांश हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां जारी हैं। मौसम विभाग ने रविवार को मध्यप्रदेश, राजस्थान समेत 20 से अधिक राज्यों में तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया है। जिन राज्यों में मानसून पहुंच चुका है, वहां कई स्थानों पर भारी बारिश हो रही है। सिक्किम के छह जिलों और पश्चिम बंगाल के हिमालयी तराई क्षेत्र के पांच जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
8 राज्यों में पारा 40°C के पार
इधर, देश के 8 राज्यों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। उत्तर प्रदेश का बांदा एक बार फिर सबसे गर्म शहर रहा, जहां शनिवार को अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी दिल्ली में भी पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
21 से 26 जून के बीच तीन राज्यों में बारिश के आसार
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 23 जून के आसपास महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में मानसून आगे बढ़ सकता है। मानसून की पश्चिमी शाखा 8 जून और पूर्वी शाखा 12 जून से लगभग एक ही स्थान पर ठहरी हुई हैं, जिससे कई राज्यों में बारिश का इंतजार लंबा हो गया है।
मौसम विभाग का कहना है कि अब बादलों की गतिविधियां बढ़ने लगी हैं, जो मानसून के दोबारा सक्रिय होने का संकेत हैं। 21 से 26 जून के बीच मध्यप्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में अच्छी बारिश होने की संभावना है।