महाराष्ट्र के परभणी जिले के मानवत तालुका स्थित यशवाड़ी देवस्थान में शनिवार (20 जून) को दर्दनाक हादसा हो गया। यहां प्रसिद्ध हनुमान मंदिर के गर्भगृह के सामने बन रहे सभा मंडप की छत अचानक ढह गई, जिससे मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में अब तक 7 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है, जबकि 32 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के समय मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। आशंका है कि कई लोग अब भी मलबे में दबे हुए हैं, जिन्हें निकालने के लिए बचाव अभियान जारी है।
हादसे के बाद प्रशासन अलर्ट, मौके पर पहुंची राहत टीमें
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। शनिवार होने के कारण मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या अधिक थी। मौके पर कई एंबुलेंस तैनात की गई हैं। जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
युद्धस्तर पर चल रहा रेस्क्यू ऑपरेशन
मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है। हादसे में घायल श्रद्धालुओं को इलाज के लिए परभणी जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।