संसद का बजट सत्र गुरुवार को अनिश्चितकालीन स्थगित होने की संभावना नहीं है। सरकार इसे अप्रैल के तीसरे हफ्ते में फिर से बुलाने की योजना बना रही है। सरकार लोकसभा सीटों की संख्या 543 से बढ़ाकर 816 करने के लिए संशोधन विधेयक लाने की तैयारी कर रही है।फिलहाल लोकसभा में 543 सीटें हैं। प्रस्तावित 50% की बढ़ोतरी के बाद सीटों की संख्या बढ़कर 816 हो जाएगी, जिसमें से 273 सीटें (लगभग एक तिहाई) महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी।
अप्रैल के तीसरे हफ्ते में नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन
सरकार का मकसद 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' में संशोधन करना है। इसके जरिए महिलाओं के लिए निर्धारित आरक्षण को परिसीमन प्रक्रिया से अलग किया जाएगा। यह अधिनियम साल 2023 में पारित किया गया था।
परिसीमन आयोग विधेयक लाएगी सरकार
इसके अलावा, सरकार एक अलग 'परिसीमन बिल' भी पेश करेगी। महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करने के लिए इन दोनों बिलों को संवैधानिक संशोधन के रूप में पारित करना आवश्यक है। नई लोकसभा में सीटों की संख्या 800 से अधिक होने की संभावना है।गौरतलब है कि संसद का बजट सत्र 28 जनवरी से शुरू हुआ था। ब्रेक के बाद यह 9 मार्च को फिर से शुरू हुआ। पहले सत्र का समापन 2 अप्रैल को तय था।