प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार दूसरे दिन देशवासियों से ईंधन और संसाधनों की बचत करने की अपील की। उन्होंने लोगों से कहा कि जहां तक संभव हो पेट्रोल-डीजल का कम इस्तेमाल करें और मेट्रो, इलेक्ट्रिक बसों व सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता दें। साथ ही स्कूलों में ऑनलाइन पढ़ाई और कंपनियों में वर्क फ्रॉम होम व्यवस्था अपनाने की भी सलाह दी।
पेट्रोल-डीजल और सोने की खरीद कम करने की अपील
वडोदरा में आयोजित कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि जिस तरह देश ने मिलकर कोरोना महामारी का सामना किया था, उसी तरह मौजूदा चुनौतियों से भी देश एकजुट होकर बाहर निकलेगा। उन्होंने विदेश में रहने वाले भारतीयों से भारत में पर्यटन को बढ़ावा देने की भी अपील की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सोने के आयात पर देश की बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा खर्च होती है। ऐसे में जब तक हालात सामान्य नहीं होते, लोगों को सोने की खरीद टालनी चाहिए। उन्होंने कहा कि फिलहाल गोल्ड खरीदना जरूरी नहीं है।
खाने के तेल की खपत घटाने की सलाह
पीएम मोदी ने खाद्य तेल की खपत कम करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि खाने के तेल के आयात पर भी देश का काफी पैसा विदेश जाता है। अगर लोग तेल का सीमित उपयोग करें तो इससे देश की अर्थव्यवस्था और लोगों की सेहत दोनों को फायदा होगा।
इससे पहले प्रधानमंत्री सोमनाथ मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा के 75 वर्ष पूरे होने के कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने 11 मई 1998 को हुए पोखरण परमाणु परीक्षण को याद करते हुए कहा कि उस समय पूरी दुनिया भारत पर दबाव बनाने में जुट गई थी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि परमाणु परीक्षण के बाद भारत के सामने कई तरह की चुनौतियां खड़ी की गईं, लेकिन देश पीछे नहीं हटा। उन्होंने बताया कि भारत ने इस परीक्षण को ‘ऑपरेशन शक्ति’ नाम दिया था, जो देश की ताकत और आत्मविश्वास का प्रतीक है।
भारत को कोई झुका नहीं सकता: पीएम मोदी की 5 बड़ी बातें
सोमनाथ मंदिर हमें अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने की प्रेरणा देता है।
भारत में विरासत और आधुनिकता साथ-साथ आगे बढ़ती हैं।
सांस्कृतिक और धार्मिक स्थलों के पुनर्निर्माण को लेकर देश में राजनीति होती रही है।
आक्रमणकारियों ने कई बार सोमनाथ मंदिर को तोड़ा, लेकिन हर बार इसका पुनर्निर्माण हुआ।
दुनिया की कोई भी ताकत भारत को झुका या दबा नहीं सकती।