बेंगलुरु। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बेंगलुरु यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। रविवार (10 मई 2026) को पीएम मोदी के कार्यक्रम स्थल के पास दो जिलेटिन स्टिक बरामद होने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। यह विस्फोटक सामग्री उस इलाके में मिली, जहां पीएम मोदी आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।
कार्यक्रम स्थल से 3 किलोमीटर दूर मिला विस्फोटक
जानकारी के मुताबिक, जिलेटिन स्टिक्स बेंगलुरु के कागलीपुरा इलाके में एक आश्रम के पास सड़क किनारे मिलीं। यह स्थान उस मुख्य कार्यक्रम स्थल से करीब 3 किलोमीटर दूर था, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पहुंचना था। बेंगलुरु सेंट्रल रेंज के DIG ने बताया कि पीएम के दौरे से पहले सुरक्षा जांच के दौरान रविवार सुबह यह विस्फोटक सामग्री बरामद की गई।
खुफिया अलर्ट के बाद बढ़ाई गई थी निगरानी
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब खुफिया एजेंसियों ने पहले ही संभावित आतंकी खतरे को लेकर अलर्ट जारी किया था। इसके बाद दिल्ली पुलिस समेत कई सुरक्षा एजेंसियों को संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए थे। अधिकारियों के मुताबिक, संदिग्ध गतिविधियों, लावारिस सामान और खड़ी गाड़ियों पर विशेष नजर रखी जा रही थी।
इलाके को घेरकर जांच में जुटीं एजेंसियां
जिलेटिन स्टिक मिलने के तुरंत बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके को घेर लिया। बम निरोधक दस्ता और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। अब यह जांच की जा रही है कि विस्फोटक वहां कैसे पहुंचे और क्या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश थी।
पुलिस फिलहाल हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
आर्ट ऑफ लिविंग कार्यक्रम में पहुंचे थे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बेंगलुरु के बाहरी इलाके में स्थित Art of Living Foundation के अंतरराष्ट्रीय केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। यह समारोह संस्था के 45 वर्ष पूरे होने के मौके पर आयोजित किया गया था, जहां पीएम मोदी ने ध्यान मंदिर का लोकार्पण भी किया।