नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया अपीलों पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने पीएम मोदी की सलाहों को “नाकामी का सबूत” बताते हुए कहा कि सरकार देश को ऐसी स्थिति में ले आई है, जहां जनता को रोजमर्रा के फैसलों पर भी निर्देश दिए जा रहे हैं।
“जनता को बताया जा रहा है क्या खरीदें और क्या नहीं”
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि 12 साल में देश को ऐसी स्थिति में लाया गया है, जहां लोगों को यह बताया जा रहा है कि क्या खरीदना है, क्या नहीं, कहां जाना है और कहां नहीं। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी से बचने की कोशिश है और सरकार अपनी विफलताओं का बोझ जनता पर डाल रही है।
“देश चलाना प्रधानमंत्री के बस की बात नहीं”
राहुल गांधी ने सीधे प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि देश चलाना अब ऐसे नेतृत्व के बस की बात नहीं रह गया है जो हर बार जिम्मेदारी से बचता है। उन्होंने कहा कि यह उपदेश नहीं बल्कि शासन की विफलता का प्रमाण है।
PM मोदी की अपील क्या थी?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में जनता से अपील की थी कि पेट्रोल-डीजल का सीमित उपयोग करें, मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन का ज्यादा इस्तेमाल करें, कार पूलिंग को बढ़ावा दें और खाने के तेल की खपत कम करें। उन्होंने कहा था कि इससे विदेशी मुद्रा की बचत होगी और देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
“त्याग और जिम्मेदारी” पर पीएम का जोर
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा था कि देशभक्ति सिर्फ सीमाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी में जिम्मेदारी से जीना भी देशभक्ति है। उन्होंने लोगों से प्राकृतिक खेती अपनाने और रासायनिक खाद के उपयोग को कम करने की भी अपील की थी।