रायपुर- लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंच रहे हैं। वे रायपुर जिले के अभनपुर में आयोजित कांग्रेस के 10 दिवसीय संगठनात्मक प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेंगे और करीब चार घंटे तक पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे। राहुल गांधी का यह दौरा कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत हो रहा है, लेकिन उनके आगमन से पहले ही प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। भाजपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच तीखी बयानबाजी देखने को मिल रही है।
राहुल गांधी के दौरे पर भाजपा का तंज
राहुल गांधी के दौरे को लेकर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भगवान राम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में राहुल गांधी का स्वागत है, लेकिन यह वही राहुल गांधी हैं जिन्होंने कभी भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए थे। भाजपा विधायक ने सवाल किया कि राहुल गांधी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को क्या सिखाने आ रहे हैं। क्या वे भ्रष्टाचार की राजनीति की ट्रेनिंग देंगे या फिर "आलू से सोना निकालने" जैसे बयान देना सिखाएंगे। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की जनता अब ऐसे राजनीतिक बयानों और दावों को अच्छी तरह समझ चुकी है।
कांग्रेस ने भाजपा विधायक पर किया पलटवार
भाजपा विधायक के बयान पर कांग्रेस ने भी कड़ा जवाब दिया है। कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने पुरंदर मिश्रा के बयान को गैरजिम्मेदाराना बताते हुए कहा कि वे मानसिक रूप से परेशान दिखाई देते हैं और उन्हें इलाज की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा उनका इलाज नहीं करा पा रही है तो कांग्रेस इसके लिए भी तैयार है। विकास उपाध्याय ने आरोप लगाया कि भाजपा विधायक केवल सुर्खियां बटोरने और अपना राजनीतिक कद बढ़ाने के लिए इस तरह के बयान दे रहे हैं। उन्होंने उन्हें "एक्सीडेंटल विधायक" बताते हुए कहा कि जनता ऐसे बयानों की गंभीरता को समझती है।
10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में संगठन पर फोकस
अभनपुर के चांदी मोड़ स्थित आशुतोष-अलका अग्रवाल मंगल भवन में कांग्रेस का 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर शुक्रवार से शुरू हो चुका है। इस शिविर में प्रदेशभर के नवनियुक्त जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्ष हिस्सा ले रहे हैं। कांग्रेस का दावा है कि यह शिविर केवल भाषणों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर जनता के बीच जाकर समस्याओं को समझने और संगठन को मजबूत करने की ट्रेनिंग भी दी जा रही है।
गांवों में रहकर जमीनी हकीकत समझेंगे नेता
प्रशिक्षण शिविर के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों को गांवों में जाकर रात्रि प्रवास करने, ग्रामीणों से संवाद करने और स्थानीय समस्याओं को समझने की जिम्मेदारी दी गई है। कार्यकर्ताओं को मनरेगा, बेरोजगारी, नशे की समस्या और सामाजिक-आर्थिक मुद्दों का अध्ययन करने के लिए भी कहा गया है। इसके अलावा योग, मार्शल आर्ट्स, व्यक्तित्व विकास, मीडिया प्रबंधन, जनसंपर्क और बूथ स्तर के संगठन को मजबूत करने से जुड़े विशेष सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं।
राहुल गांधी देंगे चुनावी रणनीति का मंत्र
राहुल गांधी आज शिविर में जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के साथ विशेष बैठक करेंगे। इस दौरान वे संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन, भाजपा सरकार के खिलाफ राजनीतिक रणनीति और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर मार्गदर्शन देंगे। कांग्रेस इसे आने वाले चुनावों से पहले संगठन को मजबूत बनाने की बड़ी कवायद मान रही है। शिविर में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी Sachin Pilot समेत कई वरिष्ठ नेता भी विभिन्न सत्रों में कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दे रहे हैं।