नई दिल्ली: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और वोट चोरी के आरोपों को लेकर INDIA ब्लॉक ने रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में बड़ी रैली की। इससे पहले विपक्षी दलों ने दिल्ली में मार्च निकाला। करीब चार घंटे चले इस विरोध प्रदर्शन में 20 विपक्षी पार्टियों के नेताओं ने हिस्सा लिया। रैली में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, ममता बनर्जी, अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव समेत कई बड़े नेताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। विपक्षी दलों ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
राहुल गांधी ने ज्ञानेश कुमार पर लगाए आरोप
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रैली को संबोधित करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर वोट चोरी करवाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार को जेल जाना होगा।राहुल गांधी ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भी सवाल उठाए। विपक्ष का आरोप है कि इस प्रक्रिया के जरिए मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां की गई हैं।
खड़गे बोले- पाताल में भी जाएंगे तो खोजकर लाएंगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी अपने संबोधन में ज्ञानेश कुमार को लेकर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि वे पाताल में भी चले जाएं, उन्हें खोजकर लाएंगे और उन्हें छोड़ेंगे नहीं।खड़गे ने विपक्ष की ओर से चुनाव आयोग के खिलाफ जारी विरोध और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को दोहराया।
ममता बनर्जी बोलीं- बंगाल में हारे नहीं, हराया गया
ममता बनर्जी ने रैली में चुनावी नतीजों को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि बंगाल में चुनाव नहीं हारे, बल्कि उन्हें हराया गया।ममता बनर्जी ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए विपक्षी दलों के साथ मिलकर चुनाव आयोग के खिलाफ आवाज उठाने की बात कही।
अखिलेश यादव ने 2027 के चुनाव का किया जिक्र
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की राजनीति का जिक्र करते हुए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग कभी यूपी से आए थे, वे यूपी से ही जाएंगे।अखिलेश ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लोग स्वागत अच्छा करते हैं तो विदाई भी अच्छी करते हैं। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की विदाई तय है।
रामलीला मैदान में विपक्ष के कई बड़े नेता रहे मौजूद
रैली में तेजस्वी यादव, मल्लिकार्जुन खड़गे, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी, फारुक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती और राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं ने संबोधित किया।विपक्षी दलों ने SIR और कथित वोट चोरी के मुद्दे पर एकजुटता दिखाई। रैली से पहले नेताओं ने मार्च निकालकर चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
25 दिनों में सातवीं बार एकजुट हुआ विपक्ष
वोट चोरी और SIR के मुद्दे पर INDIA ब्लॉक पिछले 25 दिनों में सातवीं बार एकजुट हुआ। इससे पहले 6 से 13 अक्टूबर के बीच विपक्षी दलों ने छह बार विरोध प्रदर्शन किया था।