भोपाल। मध्यप्रदेश की राजनीति में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां दतिया से कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को तिहाड़ जेल भेजे जाने के बावजूद उन्हें विधानसभा की सदस्य सुविधा समिति का सदस्य नियुक्त कर दिया गया है। वर्ष 2026-27 के लिए गठित विधानसभा समितियों में उनका नाम शामिल किया गया है। गौरतलब है कि दिल्ली की MP-MLA कोर्ट ने भूमि विकास बैंक से जुड़े धोखाधड़ी मामले में उन्हें दोषी करार दिया है और भारतीय दंड संहिता की धारा 420 के तहत सजा सुनाई जानी है। ऐसे में जेल में रहते हुए समिति में उनकी नियुक्ति राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बन गई है।
स्पीकर ने गठित की समितियां
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न सदन समितियों का गठन किया है। इन समितियों में कार्यमंत्रणा समिति, शासकीय आश्वासन समिति, प्रश्न एवं संदर्भ समिति और सदस्य सुविधा समिति शामिल हैं। अध्यक्ष ने इन समितियों के सभापति नियुक्त करने के साथ ही उनके सदस्यों के नाम भी घोषित किए हैं। यह समितियां विधानसभा के कामकाज को सुचारू रूप से चलाने और विभिन्न विषयों पर निगरानी रखने में अहम भूमिका निभाती हैं।
कार्यमंत्रणा समिति
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर को कार्यमंत्रणा समिति का सभापति बनाया गया है। इस समिति में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित वरिष्ठ विधायक गोपाल भार्गव, हेमंत खंडेलवाल, डॉ. सीतासरन शर्मा, अजय विश्नोई, मीना सिंह मांडवे, हरिशंकर खटीक, सोहनलाल बाल्मीक, यादवेन्द्र सिंह, लखन घनघोरिया और हेमंत सत्यदेव कटारे को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। यह समिति सदन की कार्यवाही और एजेंडा तय करने में अहम भूमिका निभाती है, इसलिए इसमें सत्ता और विपक्ष दोनों के प्रमुख नेताओं को जगह दी गई है।
शासकीय आश्वासन समिति
शासकीय आश्वासन समिति का सभापति विधायक हरिशंकर खटीक को नियुक्त किया गया है। उनके साथ इस समिति में नरेंद्र सिंह कुशवाह, गौरव पारधी, विष्णु खत्री, राजेश सोनकर, रामनिवास शाह, डॉ. अभिलाष पाण्डेय, राकेश शुक्ला (गोलू), सुनील उड़के, डॉ. विक्रांत भूरिया और राजन मण्डलोई को सदस्य बनाया गया है। यह समिति सरकार द्वारा दिए गए आश्वासनों की समीक्षा करती है और यह सुनिश्चित करती है कि घोषणाएं सिर्फ कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि उनका क्रियान्वयन भी हो।
प्रश्न एवं संदर्भ समिति
प्रश्न एवं संदर्भ समिति की जिम्मेदारी विधायक अरुण भीमावद को सभापति के रूप में सौंपी गई है। इस समिति में हरिसिंह सप्रे, राजेश वर्मा, प्रणय प्रभात पाण्डेय, नारायण पटेल, अनिल जैन (निवाड़ी), इंजीनियर गोपाल सिंह, श्याम बरडे, बाला बच्चन, झूमा ध्यानसिंह सोलंकी और सुरेश राजे को सदस्य के रूप में नामित किया गया है। यह समिति सदन में उठने वाले प्रश्नों और उनसे जुड़े विषयों की गहराई से समीक्षा कर शासन-प्रशासन की जवाबदेही तय करने का कार्य करती है।
सदस्य सुविधा समिति
सदस्य सुविधा समिति का सभापति विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन को बनाया गया है। इस समिति में मोहन शर्मा, प्रहलाद लोधी, मनोज पटेल, घनश्याम चन्द्रवंशी, राजकुमार कर्राहे, राजेन्द्र भारती, रजनीश सिंह और डॉ. रामकिशोर दोगने को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। यह समिति विधायकों को मिलने वाली सुविधाओं, संसाधनों और व्यवस्थाओं से जुड़े मामलों को देखती है, ताकि निर्वाचित प्रतिनिधियों को अपने दायित्वों के निर्वहन में किसी प्रकार की बाधा न आए।