रायपुर। आईपीएल 2026 में आज क्रिकेट प्रेमियों को बड़ा रोमांच देखने को मिलेगा, जहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस आमने-सामने होंगी। यह हाई-वोल्टेज मुकाबला रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां करीब 10 साल बाद IPL मैच की वापसी हो रही है।
पिच रिपोर्ट: शुरुआत में गेंदबाजों को मदद, बाद में बल्लेबाज हावी
रायपुर की पिच आमतौर पर धीमी मानी जाती है, लेकिन इस बार की ताजा सतह पर बल्लेबाजों को ज्यादा फायदा मिलने की संभावना है। शुरुआत में तेज गेंदबाजों को स्विंग और बाउंस मिलेगा, जबकि जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ेगा पिच धीमी होती जाएगी और स्पिन गेंदबाजों की भूमिका अहम हो सकती है। ओस का असर भी देखने को मिल सकता है, इसलिए टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है।
RCB के लिए जीत जरूरी, टॉप पर पहुंचने का मौका
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अब तक 10 में से 6 मैच जीते हैं और 12 अंकों के साथ मजबूत स्थिति में है। आज जीत दर्ज करते ही टीम अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच सकती है। हालांकि पिछले दो मैचों में हार ने टीम की लय बिगाड़ी है, जिसे वह इस मुकाबले में सुधारना चाहेगी।
मुंबई इंडियंस के लिए करो या मरो की स्थिति
वहीं मुंबई इंडियंस के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है। टीम ने अब तक 10 में से सिर्फ 3 मैच जीते हैं और प्लेऑफ की उम्मीदें बनाए रखने के लिए अब हर मैच जीतना जरूरी है। एक और हार उन्हें टूर्नामेंट से लगभग बाहर कर सकती है।
स्टेडियम की वापसी से बढ़ा रोमांच
शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में आखिरी IPL मैच 2016 में खेला गया था। लंबे अंतराल के बाद IPL की वापसी से स्थानीय क्रिकेट फैंस में भारी उत्साह है।