पटना- NEET पेपर लीक मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन की घोषणा के बाद बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने प्रधानमंत्री के फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि युवाओं के सपनों और भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सम्राट चौधरी ने क्या कहा?
सम्राट चौधरी ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और उनके भविष्य की रक्षा करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसे मामलों में शामिल दोषियों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि "युवाओं का भविष्य सुरक्षित रखना मोदी सरकार की गारंटी है।"
PM मोदी ने किया था बड़ा ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने NEET समेत सभी पेपर लीक मामलों के त्वरित निपटारे के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं ताकि दोषियों को जल्द सजा मिल सके और छात्रों के भविष्य की रक्षा सुनिश्चित हो। प्रधानमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
पेपर लीक पर सियासत जारी
NEET पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में छात्र आंदोलन और राजनीतिक बयानबाजी जारी है। जहां केंद्र सरकार फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए त्वरित न्याय का भरोसा दे रही है, वहीं विपक्ष सरकार की शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली पर लगातार सवाल उठा रहा है।