पटना में मंदिरी नाले पर बनी नई सड़क का उद्घाटन कर दिया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सड़क का लोकार्पण करते हुए कहा कि इससे शहर के लोगों को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी और इलाके के विकास को नई रफ्तार मिलेगी। उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यह इलाका लंबे समय से जाम की समस्या से परेशान था। सड़क बनने के बाद अब लोगों का सफर आसान होगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह क्षेत्र रेसिडेंशियल इलाके से कॉमर्शियल हब में बदल जाएगा।
‘अपराध मुक्त बिहार हमारी प्राथमिकता’
समारोह को संबोधित करते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने कानून व्यवस्था पर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि बिहार में सुशासन की सरकार है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा, “मैंने पुलिस के हाथ खोल दिए हैं। अगर कोई अपराधी पुलिस को चुनौती देगा तो 48 घंटे के भीतर कार्रवाई होगी। हमारे लिए अपराध मुक्त बिहार सबसे महत्वपूर्ण है। अपराधी की जाति नहीं, उसका अपराध देखा जाएगा।” मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नितीश कुमार के नेतृत्व में बिहार तेजी से विकास कर रहा है।
जल्द शुरू होगी वाटर मेट्रो सेवा
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि अगले एक महीने में दीदारगंज से कच्ची दरगाह पुल का उद्घाटन भी किया जाएगा। साथ ही राज्य में वाटर मेट्रो सेवा की शुरुआत होने जा रही है।
उन्होंने कहा कि वह पिछले 40 वर्षों से इस इलाके को देख रहे हैं और मंदिरी नाला आसपास के लोगों के लिए बड़ी परेशानी बना हुआ था। अब यह समस्या दूर हो जाएगी।
नितिन नवीन ने पिता का सपना पूरा होने की बात कही
कार्यक्रम में मौजूद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि यह दिन उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने बताया कि उनके पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा का सपना था कि मंदिरी नाले पर सड़क बने और आज वह सपना पूरा हो गया। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को बधाई देते हुए कहा कि बिहार अब विकास और सुशासन की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।