हर महीने की पहली तारीख के साथ कई जरूरी चीजों की कीमतों और नियमों में बदलाव देखने को मिलता है। 1 सितंबर 2026 से भी आम लोगों की जेब और रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़े कई अहम बदलाव लागू हुए हैं। इनमें कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत, दूध के दाम, LPG e-KYC, विदेश यात्रा की इमिग्रेशन प्रक्रिया और कारों की कीमतें शामिल हैं।इन बदलावों का सीधा असर कारोबारियों, घरेलू LPG उपभोक्ताओं, दूध खरीदने वाले ग्राहकों और नई कार खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों पर पड़ सकता है।
1. कॉमर्शियल LPG सिलेंडर औसतन ₹11.50 महंगा
तेल कंपनियों ने 1 सितंबर से कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में औसतन ₹11.50 तक की बढ़ोतरी की है। कोलकाता में 19 किलो के कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत ₹2,884 हो गई है, जो पहले ₹2,872.50 थी।इस बढ़ोतरी का असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे और कैटरिंग कारोबार पर पड़ सकता है। गैस की लागत बढ़ने से चाय, नाश्ता, भोजन और शादी-ब्याह की कैटरिंग जैसी सेवाओं की कीमतों पर भी असर पड़ने की संभावना है।
2. मुंबई में दूध ₹9 प्रति लीटर तक महंगा
मुंबई में बॉम्बे मिल्क प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन ने 1 सितंबर से थोक दूध की कीमत में ₹9 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। इसके बाद थोक दर ₹93 से बढ़कर ₹102 प्रति लीटर हो गई है। यह नई दर 28 फरवरी 2027 तक लागू रहेगी।
वहीं, तमिलनाडु में एविन दूध के खरीद मूल्य में भी ₹3 प्रति लीटर की वृद्धि की गई है। खरीद मूल्य ₹41 से बढ़कर ₹44 प्रति लीटर हो गया है। दो सप्ताह से भी कम समय में यह दूसरी बढ़ोतरी बताई गई है और कुल मिलाकर खरीद मूल्य में ₹6 प्रति लीटर का इजाफा हुआ है।
क्यों बढ़े दूध के दाम?
दूध की कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे पशुओं के हरे चारे, भूसे और खली की बढ़ती लागत के अलावा रखरखाव और परिवहन खर्च में वृद्धि को वजह बताया गया है।मुंबई में थोक दूध महंगा होने का असर खुदरा बाजार पर भी पड़ सकता है। त्योहारों के सीजन से पहले दूध के साथ दही, पनीर और मिठाइयों जैसे डेयरी उत्पादों की लागत बढ़ने से घरेलू बजट प्रभावित हो सकता है।
3. LPG e-KYC नहीं कराई तो सब्सिडी पर पड़ सकता है असर
घरेलू LPG उपभोक्ताओं के लिए e-KYC की अंतिम तारीख 31 अगस्त 2026 थी। जिन ग्राहकों ने अभी तक e-KYC और बायोमेट्रिक पहचान की प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उन्हें LPG सब्सिडी का लाभ लेने में परेशानी हो सकती है।पहचान दर्ज नहीं होने की स्थिति में सब्सिडी रुकने की संभावना बताई गई है। गैस बुकिंग पर तत्काल रोक लगेगी या नहीं, यह संबंधित कंपनी के नियमों पर निर्भर करेगा।जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक e-KYC नहीं कराई है, उन्हें किसी परेशानी से बचने के लिए जल्द से जल्द अपनी गैस एजेंसी से संपर्क करना चाहिए।
4. विदेश जाने वालों के लिए बोर्डिंग पास पर स्टांप की जरूरत नहीं
1 सितंबर 2026 से भारत से विदेश जाने वाले यात्रियों के लिए इमिग्रेशन काउंटर पर बोर्डिंग पास पर स्टांप लगवाने की प्रक्रिया खत्म कर दी गई है। अब यह प्रक्रिया डिजिटल तरीके से पूरी की जाएगी।यात्री इमिग्रेशन के दौरान अपने मोबाइल फोन पर ई-बोर्डिंग पास दिखा सकेंगे। हालांकि पासपोर्ट, वीजा और सुरक्षा जांच से जुड़े अन्य जरूरी नियम पहले की तरह लागू रहेंगे।इस बदलाव से एयरपोर्ट पर डिपार्चर प्रक्रिया आसान होने और यात्रियों का समय बचने की उम्मीद है। इमिग्रेशन काउंटर पर भीड़ कम होने से विदेश जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिल सकती है।
5. Tata और Hyundai की कारें हुईं महंगी
कार खरीदने वालों के लिए भी सितंबर की शुरुआत महंगी साबित हुई है। Tata Motors ने 1 सितंबर से अपने वाहनों के सभी मॉडल और वैरिएंट की कीमतों में ₹25,000 तक की बढ़ोतरी की है।
वहीं, Hyundai Motor India ने कारों की कीमतों में 1% तक का इजाफा किया है। कंपनियों के मुताबिक कच्चे माल की बढ़ती कीमत, परिचालन लागत और महंगाई के दबाव को देखते हुए कीमतों में संशोधन किया गया है।
नई कीमतों का वास्तविक असर मॉडल और वैरिएंट के हिसाब से अलग-अलग होगा। ऐसे में सितंबर में Tata या Hyundai की कार या SUV खरीदने वाले ग्राहकों को बुकिंग से पहले नई प्राइस लिस्ट जरूर चेक करनी चाहिए।
आम लोगों की जेब पर कितना असर?
सितंबर के इन बदलावों में कुछ सीधे तौर पर घरेलू बजट से जुड़े हैं। LPG e-KYC पूरा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं को सब्सिडी से जुड़ी परेशानी हो सकती है, जबकि दूध की कीमत बढ़ने से रोजमर्रा के खर्च में इजाफा हो सकता है।
दूसरी ओर, कमर्शियल LPG की कीमत बढ़ने से रेस्टोरेंट और कैटरिंग कारोबार की लागत बढ़ सकती है। वहीं कार खरीदने वालों को Tata और Hyundai के नए दामों के अनुसार अपना बजट तय करना होगा।