नई दिल्ली- CJP के विरोध प्रदर्शन के बीच सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षाविद् सोनम वांगचुक का बड़ा बयान सामने आया है। अस्पताल से जारी अपने संदेश में उन्होंने कहा कि वह अपना अनशन जारी रखेंगे। उन्होंने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं के समर्थन में यह फैसला लेने की बात कही।
अस्पताल से जारी किया भावुक संदेश
सोनम वांगचुक ने अस्पताल से एक हस्तलिखित संदेश जारी करते हुए कहा कि वह अपना उपवास तब तक जारी रखेंगे, जब तक युवा नेताओं को संसद भवन में सांसदों से मिलकर अपनी बात रखने की अनुमति नहीं मिल जाती। उन्होंने कहा कि यह निर्णय छात्रों के साथ हुई पुलिस कार्रवाई को देखते हुए लिया गया है।
युवाओं के धैर्य और शांति की सराहना
अपने संदेश में वांगचुक ने कहा कि उकसावे के बावजूद प्रदर्शनकारी युवाओं ने जिस तरह संयम और शांति बनाए रखी, उससे वह बेहद प्रभावित हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार शिक्षा मंत्री की जवाबदेही तय करेगी और छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करेगी।
सरकार और पुलिस से की अपील
सोनम वांगचुक ने सरकार और दिल्ली पुलिस से अपील की कि छात्रों को संसद के सामने अपनी शिकायतें शांतिपूर्ण तरीके से रखने की अनुमति दी जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदर्शनकारी आगे भी धैर्य और अनुशासन बनाए रखेंगे।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने किया बल प्रयोग
जंतर-मंतर से संसद की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी। बैरिकेड्स पार करने की कोशिश के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया और लाठीचार्ज की भी खबर सामने आई।