चेन्नई। तमिलनाडु में TVK चीफ सी. जोसेफ विजय के मुख्यमंत्री बनने के बाद अब पड़ोसी देश श्रीलंका से भी बड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है। श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने विजय को शपथ ग्रहण की बधाई देते हुए भारत-श्रीलंका संबंधों को लेकर बड़ा बयान दिया।
श्रीलंका राष्ट्रपति ने विजय को दी शुभकामनाएं
श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने अपने संदेश में कहा कि तमिलनाडु और श्रीलंका के बीच लंबे समय से संस्कृति, व्यापार और लोगों के मजबूत रिश्ते रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि विजय के नेतृत्व में दोनों देशों के बीच सहयोग और मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि भारत और श्रीलंका की साझेदारी लगातार आगे बढ़ रही है और आने वाले समय में आर्थिक विकास और नए अवसरों के लिए साथ मिलकर काम किया जाएगा।
“हमारा भविष्य साझेदारी और विकास में”
श्रीलंका राष्ट्रपति ने कहा कि वह तमिलनाडु सरकार के साथ मिलकर विकास, खुशहाली और क्षेत्रीय सहयोग को आगे बढ़ाने को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने विजय और तमिलनाडु की जनता के सफल भविष्य की कामना भी की।
राहुल गांधी की मौजूदगी में विजय ने ली शपथ
TVK प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने रविवार को चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। समारोह में कांग्रेस नेता Rahul Gandhi समेत कई बड़े नेता और फिल्मी हस्तियां मौजूद रहीं। 1967 के बाद पहली बार तमिलनाडु में DMK और AIADMK के अलावा किसी अन्य दल की सरकार बनी है।
“मैं किसी राजघराने से नहीं हूं”
मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय ने अपने संबोधन में कहा कि वह किसी राजघराने से नहीं आते, लेकिन जनता ने उन्हें स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार झूठे वादों की राजनीति नहीं करेगी और जनता के भरोसे पर खरी उतरेगी। उन्होंने दावा किया कि तमिलनाडु में अब “वास्तविक धर्मनिरपेक्ष और सामाजिक न्याय आधारित शासन” की शुरुआत हुई है।
पहले ही दिन लिए बड़े फैसले
मुख्यमंत्री विजय ने पद संभालते ही कई बड़े फैसलों पर हस्ताक्षर किए। उन्होंने घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 200 यूनिट मुफ्त बिजली योजना को मंजूरी दी। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष टास्क फोर्स बनाने का फैसला भी लिया।
पहले मंत्रिमंडल में युवा और अनुभवी चेहरों को जगह
राज्यपाल आर. वी. आर्लेकर ने विजय और उनके मंत्रिमंडल के नौ सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मंत्रिमंडल में अनुभवी नेताओं के साथ युवा चेहरों को भी जगह दी गई है।