असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी विधानसभा सीटों पर मतगणना जारी है। ताजा रुझानों में तमिलनाडु में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। दो साल पहले बनी विजय की पार्टी TVK सबसे आगे निकल गई है और 105 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।इधर, तमिलनाडु के मौजूदा मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन कोलाथुर सीट से चुनाव हार गए हैं। उन्हें TVK के बीएस बाबू ने 8000 से अधिक वोटों से पराजित किया है।
सरकार बनाने के लिए TVK को 118 सीटों की जरूरत है। इस बीच विजय के पिता चंद्रशेखर ने संकेत दिए हैं कि TVK कांग्रेस के साथ गठबंधन कर सकती है।
केरल में 10 साल बाद UDF गठबंधन की वापसी होती दिख रही है। इस गठबंधन में कांग्रेस, मुस्लिम लीग और केरल कांग्रेस के विभिन्न गुट शामिल हैं। कांग्रेस अब तक 62 सीटें जीत चुकी है।
तमिलनाडु में DMK दूसरे स्थान पर है: अब तक 47 सीटों के नतीजे घोषित हो चुके हैं, जिनमें TVK ने 29 और DMK+ ने 9 सीटों पर जीत दर्ज की है।
केरल में UDF को बढ़त: 134 सीटों के नतीजे सामने आ चुके हैं। कांग्रेस 62 सीटों पर, CPI-M 24 सीटों पर और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग 20 सीटों पर जीत हासिल कर चुकी है।
असम में एक बार फिर हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में सरकार बनती दिख रही है। 71 सीटों के नतीजों में भाजपा 57, बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट 6, AGP 3, कांग्रेस 2, TMC 1 और AIUDF 1 सीट जीत चुकी है।
पुडुचेरी में भाजपा की सरकार बनती नजर आ रही है। 22 सीटों के नतीजों में मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी की पार्टी 9 सीटें जीत चुकी है, जबकि BJP, DMK और TVK ने 2-2 सीटों पर जीत दर्ज की है।