हुगली: पश्चिम बंगाल में चुनाव परिणाम आने के बाद भी हिंसा का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। हुगली जिले के तारकेश्वर इलाके में शनिवार शाम को हुई हिंसक झड़प और पुलिस अधिकारियों पर हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हुगली ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक (SP) कुमार सानी राज ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला करने और तोड़फोड़ के आरोप में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
टीएमसी नेता के घर तोड़फोड़, बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस पर हमला
घटना की शुरुआत शनिवार शाम को हुई, जब तारकेश्वर टाउन तृणमूल युवा कांग्रेस की नेता पूजा साव के घर पर उपद्रवियों ने हमला बोल दिया और जमकर तोड़फोड़ की। घटना की सूचना मिलते ही जब तारकेश्वर थाना प्रभारी (OC) सुब्रत साधु और एक एएसआई (ASI) पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, तो भीड़ ने उन पर भी हमला कर दिया। इस हमले में थाना प्रभारी सुब्रत साधु गंभीर रूप से घायल हो गए। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है और डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति अब स्थिर है।
राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर
इस घटना को लेकर इलाके में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि बीजेपी समर्थित गुंडों ने जानबूझकर पार्टी नेता के घर हमला किया और पुलिस को निशाना बनाया। दूसरी ओर, तारकेश्वर के बीजेपी विधायक संतु पान ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि इस घटना में बीजेपी का कोई कार्यकर्ता शामिल नहीं है। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि पुलिस पर हमला करने वाले लोग खुद तृणमूल कांग्रेस के पालतू गुंडे हैं। पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।