हुगली: पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के गोघाट में राजनीतिक हिंसा का एक और खौफनाक मामला सामने आया है। यहाँ एक तृणमूल कांग्रेस नेता सहदेव बाग की बेरहमी से हत्या कर दी गई। सहदेव बाग, कुंडु पंचायत की TMC सदस्य चायना बाग के पति थे। शनिवार रात से लापता सहदेव का शव रविवार सुबह पार्टी कार्यालय के पीछे एक नाले से बरामद हुआ।
मुगदर से पीट-पीटकर हत्या का आरोप
पुलिस और परिजनों के अनुसार, सहदेव के शरीर पर चोट के गहरे निशान मिले हैं। घटनास्थल से एक मुगदर (लकड़ी का भारी डंडा) भी बरामद किया गया है, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि इसी से प्रहार कर उनकी हत्या की गई है।
परिजनों ने लगाया भाजपा पर आरोप
मृतक की पत्नी चायना बाग और बेटी आगमनी बाग ने आरोप लगाया है कि चुनावी नतीजे आने के बाद से ही भाजपा के लोग उन्हें धमकियां दे रहे थे। उन्होंने कहा, "भाजपा के लोगों ने ही उन्हें घर से उठाकर उनकी हत्या की है।" स्थानीय TMC नेता शशांक धक ने भी इस घटना के लिए सीधे तौर पर भाजपा को जिम्मेदार ठहराया है।
भाजपा का पलटवार: 'तृणमूल की आपसी कलह'
दूसरी ओर, भाजपा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। स्थानीय भाजपा नेता दोलन दास ने कहा, "भाजपा हत्या की राजनीति में विश्वास नहीं रखती। यह तृणमूल की आपसी गुटबाजी का परिणाम है, जिसे वे भाजपा के मत्थे मढ़ने की कोशिश कर रहे हैं।" उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच और दोषियों को सजा देने की मांग की है।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।