श्रीगंगानगर: राजस्थान के श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट की घटना से हड़कंप मच गया। अनूपगढ़ से बठिंडा जाने वाली ट्रेन को निशाना बनाने की आशंका जताई जा रही है। मंगलवार को अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर गांव 50 जीबी के पास रेलवे ट्रैक पर जोरदार धमाका हुआ। धमाके में पटरी के नीचे लगे सीमेंट के दो से तीन स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जांच एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। ATS, FSL और बम निरोधक दस्ते को भी जांच में लगाया गया है।
रेलवे ट्रैक पर धमाके से स्लीपर क्षतिग्रस्त
जानकारी के मुताबिक, रेलवे लाइन पर हुआ धमाका इतना तेज था कि पटरी के नीचे लगे सीमेंट के दो से तीन स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए। धमाके के कारण स्लीपर के अंदर लगा सरिया तक बाहर निकल आया। इसके अलावा रेलवे ट्रैक को जोड़ने वाले क्लिपर भी पटरी से अलग हो गए।घटना के बाद रेलवे और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी।
ट्रेन गुजरने के बाद हुआ धमाका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अनूपगढ़ से सूरतगढ़ जाने वाली ट्रेन के गुजरने के कुछ देर बाद रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट हुआ। आशंका जताई जा रही है कि अनूपगढ़ से बठिंडा जाने वाली ट्रेन को निशाना बनाने की कोशिश की गई थी।हालांकि, धमाके के पीछे किसका हाथ है और इसका वास्तविक मकसद क्या था, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
SP मौके पर पहुंचे, ATS-FSL की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही श्रीगंगानगर के एसपी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद ATS और FSL की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गईं।FSL टीम ने इलाके की घेराबंदी कर जरूरी साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस अधीक्षक हरि शंकर के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है।
रेलवे ट्रैक की सुरक्षा को लेकर जांच तेज
रेलवे ट्रैक पर धमाके की घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से जांच कर रही हैं। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमाका किस तरह हुआ और इसके पीछे किसी साजिश की भूमिका है या नहीं।फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां घटनास्थल से सबूत जुटाने में लगी हैं। मामले में जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्य सामने आ सकेंगे।