लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मंगलवार (17 नवंबर) को प्रस्तावित आगरा दौरा अचानक रद्द कर दिया गया है। अब मथुरा में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के दो दिवसीय चिंतन शिविर में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री सीधे दिल्ली रवाना होंगे। उनके कार्यक्रम में हुए इस बदलाव के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
दिवंगत विधायक छोटेलाल वर्मा के परिजनों से करनी थी मुलाकात
दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार उन्हें मथुरा में भाजपा की बैठक में शामिल होने के बाद बरसाना जाना था। वहां उन्हें दिवंगत पद्मश्री रमेश बाबा को श्रद्धांजलि अर्पित करनी थी। इसके बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पहुंचते और फतेहाबाद के दिवंगत भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा के शमशाबाद रोड स्थित आवास पर जाकर उनके शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात करते।
प्रशासन ने शुरू कर दी थीं तैयारियां
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए आगरा जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम ने तैयारियां भी शुरू कर दी थीं। प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर आवास तक जाने वाले रास्ते की मरम्मत, विशेष सफाई अभियान और अतिक्रमण हटाने जैसे काम किए जा रहे थे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए थे। हालांकि, दौरा रद्द होने के बाद इन तैयारियों पर विराम लग गया है।
मथुरा के चिंतन शिविर के बाद दिल्ली जाने पर बढ़ी चर्चा
मुख्यमंत्री का आगरा दौरा रद्द होने और मथुरा के चिंतन शिविर के बाद सीधे दिल्ली जाने के फैसले को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। दरअसल, भाजपा में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठनात्मक रणनीति को लेकर लगातार मंथन चल रहा है। मथुरा में आयोजित दो दिवसीय चिंतन शिविर में पार्टी के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी भी इसे महत्वपूर्ण बना रही है।
इस बीच उत्तर प्रदेश में भाजपा के संभावित उम्मीदवारों को लेकर भी चर्चाएं चल रही हैं। हाल ही में 209 संभावित प्रत्याशियों की एक कथित सूची सामने आने के बाद राजनीतिक अटकलें तेज हुई थीं। हालांकि, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने संयुक्त स्पष्टीकरण जारी कर साफ किया था कि पार्टी ने न तो उम्मीदवारों की सूची दिल्ली भेजी है और न ही अभी किसी प्रत्याशी का चयन किया गया है।
दिल्ली दौरे के एजेंडे पर सबकी नजर
फिलहाल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिल्ली दौरे का आधिकारिक एजेंडा सामने नहीं आया है। ऐसे में उनके अचानक कार्यक्रम में बदलाव और दिल्ली रवाना होने को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। अब राजनीतिक गलियारों की नजर इस बात पर है कि दिल्ली में मुख्यमंत्री की किन नेताओं से मुलाकात होती है और आगामी दिनों में उत्तर प्रदेश की राजनीति को लेकर क्या तस्वीर सामने आती है।