चम्पावत : जनपद के भीगराड़ा क्षेत्र स्थित कानूनगो चौकी से संबंधित सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो का जिलाधिकारी मनीष कुमार ने गंभीरता से संज्ञान लिया है। वीडियो को यूकेडी नेता दरबार रजवार द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल किया गया था। इसमें चौकी कक्ष खुला होने, सामान बिखरा होने और मदिरा की बोतलें पाए जाने का दावा किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल उपजिलाधिकारी पाटी को मौके पर भेजकर विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।
उपजिलाधिकारी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि वीडियो सामने आने के तुरंत बाद उपजिलाधिकारी पाटी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है ताकि वायरल वीडियो में किए गए दावों की वास्तविकता का पता लगाया जा सके।
डीएम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि संबंधित भवन काफी पुराना और जीर्ण-शीर्ण अवस्था में है। वर्तमान में इस भवन की मरम्मत और जीर्णोद्धार का कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भवन में वर्तमान में कोई भी कार्मिक या कानूनगो निवास नहीं करता है और न ही वहां नियमित रूप से कार्यालय संचालित होता है।
शरारती तत्वों ने की भवन में तोड़फोड़
प्रशासन की शुरुआती पड़ताल में यह बात भी सामने आई है कि कुछ शरारती तत्वों द्वारा पूर्व में भवन में तोड़फोड़ की गई थी और उसका गलत इस्तेमाल किया गया है। वहीं वायरल वीडियो में जिन दस्तावेजों का उल्लेख किया गया है वे सभी पुराने और पूर्व में परित्यक्त दस्तावेज बताए गए हैं। जिलाधिकारी के अनुसार इन दस्तावेजों से संबंधित कार्य पहले ही पूर्ण हो चुका था और उन्हें नियमानुसार निस्तारित किया जाना था।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि पूरे मामले की गहनता से जांच करने के निर्देश उपजिलाधिकारी पाटी को दिए गए हैं। जांच में जो भी तथ्य और वास्तविक स्थिति सामने आएगी उसके आधार पर दोषियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सरकारी कार्यालयों की गरिमा
उन्होंने कहा कि प्रशासन सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा और सरकारी कार्यालयों की गरिमा बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी प्रकार की लापरवाही अव्यवस्था या सार्वजनिक संपत्ति के दुरुपयोग को गंभीरता से लिया जाएगा।
फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वायरल वीडियो से जुड़े सभी तथ्यों की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।