केलाखेड़ा ऊधम सिंह नगर : दीपावली सहित आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए केलाखेड़ा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी है। इसी क्रम में थाना प्रभारी मनीष खत्री के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शहर में विशेष जांच अभियान चलाकर बैंकों सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों के साथ ही ज्वेलरी शॉप की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं परखी
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और बैंक परिसरों में सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को परखा। इसके साथ ही ज्वेलरी शॉप संचालकों को सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस टीम ने शहर में गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।
पुलिस का उद्देश्य त्योहारों के दौरान चोरी लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका को कम करना तथा आमजन को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है। इसके लिए संवेदनशील प्रतिष्ठानों और व्यावसायिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
एसएसपी के निर्देश पर अभियान
थाना प्रभारी मनीष खत्री के मुताबिक यह विशेष जांच अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देश पर चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दीपावली तक पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा और शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
उन्होंने प्रतिष्ठान संचालकों से भी सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने सीसीटीवी कैमरों को चालू रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित
केलाखेड़ा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएगी।