चंपावत : जिले के खेतीखान में 27वें दीप महोत्सव खेतीखान-2026 का भव्य शुभारंभ हो गया है। महोत्सव समिति के अध्यक्ष विजय फर्त्याल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्व भाजपा विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने रिबन काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
पूरन सिंह फर्त्याल ने दी शुभकामनाएं
इस अवसर पर पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने क्षेत्रवासियों को दीप महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए आयोजन के लिए महोत्सव समिति की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक महोत्सव हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को संरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, लोक परंपराओं और रीति-रिवाजों से जुड़ने का अवसर मिलता है।
बच्चों ने निकाली झांकियां
महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर सैकड़ों स्कूली बच्चों और स्थानीय महिलाओं ने भव्य कलश यात्रा एवं आकर्षक झांकियां निकालीं। कलश यात्रा प्रगाढ़ से शुरू होकर खेतीखान बाजार से होते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। इस दौरान पिथौरागढ़ से पहुंचे छोलिया नृतकों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों के छोलिया नृत्य ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
महोत्सव को लेकर क्षेत्र में उत्साह
दीप महोत्सव को लेकर पूरे क्षेत्र में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। महोत्सव समिति के अध्यक्ष विजय फर्त्याल ने बताया कि महोत्सव के दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए विभिन्न खेलकूद सांस्कृतिक एवं शैक्षिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। वहीं प्रत्येक रात्रि उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले लोक कलाकार अपनी शानदार सांस्कृतिक एवं रंगारंग प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
उन्होंने बताया कि महोत्सव में लोगों के मनोरंजन के लिए झूले और चरखे लगाए गए हैं। इसके साथ ही बाहर से पहुंचे व्यापारियों ने विभिन्न प्रकार के सामानों की दुकानें भी सजाई हैं जिससे महोत्सव में आने वाले लोगों को खरीदारी और मनोरंजन का अवसर मिल रहा है।
खेतीखान का दीप महोत्सव का महत्व
गौरतलब है कि खेतीखान का दीप महोत्सव चंपावत जिले का सबसे पुराना महोत्सव है। इस महोत्सव को लेकर खेतीखान बाजार को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। बाजार की सजावट और महोत्सव की रौनक देखते ही बन रही है। शुभारंभ समारोह में सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
कुल मिलाकर 27वें दीप महोत्सव के आगाज के साथ ही खेतीखान में उत्सव का माहौल बन गया है। आने वाले दिनों में आयोजित होने वाले विभिन्न सांस्कृतिक खेलकूद एवं मनोरंजक कार्यक्रमों को लेकर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह बना हुआ है।