उत्तराखंड के हरिद्वार में 7 मार्च को होने वाले दौरे के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन नए आपराधिक कानूनों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का मुआयना करेंगे। इस प्रदर्शनी के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों को नए कानूनों की जानकारी दी जाएगी, साथ ही पुष्कर सिंह धामी सरकार के चार वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों की झलक भी दिखाई जाएगी। गृह मंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन और भाजपा संगठन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। भाजपा का दावा है कि कार्यक्रम में डेढ़ लाख से अधिक कार्यकर्ता शामिल होंगे। वहीं विभिन्न सरकारी विभाग केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रस्तुत करने की तैयारी में जुटे हैं।
नए आपराधिक कानूनों पर लगेगी विशेष प्रदर्शनी
7 से 9 मार्च तक बैरागी कैंप में “न्याय संहिता” विषय पर राज्यस्तरीय प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है। इस प्रदर्शनी में देश के तीन नए आपराधिक कानूनों को प्रमुख रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम शामिल हैं। प्रदर्शनी में इन कानूनों की प्रमुख विशेषताओं को सरल और प्रभावी माध्यमों से समझाया जाएगा। इसमें समयबद्ध जांच और आरोप-पत्र की अनिवार्यता, शून्य प्राथमिकी और इलेक्ट्रॉनिक प्राथमिकी की व्यवस्था, सात वर्ष से अधिक सजा वाले अपराधों में अनिवार्य फॉरेंसिक जांच, डिजिटल साक्ष्यों की वैधता और महिलाओं व बच्चों के खिलाफ अपराधों के लिए सख्त प्रावधानों को प्रमुखता से दिखाया जाएगा।
धामी सरकार के चार साल की उपलब्धियां भी होंगी प्रदर्शित
सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने बताया कि राज्य सरकार के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर विभिन्न विभागों की योजनाओं और उपलब्धियों को भी प्रदर्शनी में शामिल किया जाएगा। इस दौरान बुनियादी ढांचे के विकास, सड़क और संपर्क मार्गों के सुदृढ़ीकरण, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, शिक्षा क्षेत्र में सुधार, निवेश प्रोत्साहन, पर्यटन विकास, धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण तथा सीमांत क्षेत्रों के विकास से जुड़े कार्यों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जनसभा को भी संबोधित करेंगे, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।
Comments (0)