उत्तर प्रदेश में मार्च के पहले ही सप्ताह से गर्मी का असर दिखने लगा है। बीते कई दिनों से प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है और तेज धूप के कारण दिन का तापमान लगातार बढ़ रहा है। वहीं रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को अब गर्मी का एहसास होने लगा है।
बुंदेलखंड में बढ़ी गर्मी
बुंदेलखंड और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। बृहस्पतिवार को तेज धूप के कारण गर्मी का असर साफ देखने को मिला। बांदा, झांसी, हमीरपुर और उरई सहित कई इलाकों में तापमान तेजी से बढ़ा है।
पछुआ हवाओं की रफ्तार हुई धीमी
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में पछुआ हवाओं की गति अब धीमी पड़ गई है। इसके कारण आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पछुआ हवाओं की गति कम होने से तापमान बढ़ेगा। अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है।
झांसी सबसे गर्म
गुरुवार को झांसी में अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा। वहीं आगरा में 35.5 डिग्री और बांदा में भी 35.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगर यही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में प्रदेश के कई जिलों में तापमान और बढ़ सकता है।
Comments (0)