हरिद्वार जिले के बहादराबाद टोल प्लाजा पर उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब स्थानीय लोगों ने कथित जबरन टोल वसूली के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही ज्वालापुर से कांग्रेस विधायक रवि बहादुर और किसान नेता अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और टोल प्लाजा पर धरने पर बैठ गए।
नियमों के विपरीत शुल्क वसूला
विधायक रवि बहादुर ने आरोप लगाया कि टोल प्रबंधन द्वारा स्थानीय निवासियों से नियमों के विपरीत जबरन शुल्क वसूला जा रहा है जबकि नियमानुसार उन्हें छूट मिलनी चाहिए। उन्होंने इसे आम जनता के साथ अन्याय बताते हुए कहा कि इस तरह की कार्रवाई किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग टोल प्लाजा पर एकत्र हो गए, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण बना रहा। आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने टोल प्लाजा को फ्री करवा दिया और वाहनों को बिना शुल्क गुजरने दिया।
हालात को नियंत्रित करने का प्रयास
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। हालांकि प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर डटे रहे और प्रशासन से जल्द समाधान की मांग करते रहे। फिलहाल प्रशासन और टोल प्रबंधन के बीच वार्ता की कोशिशें जारी हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है ताकि स्थानीय लोगों की समस्याओं का समाधान निकल सके और स्थिति सामान्य हो सके।