चंपावत जिले के पर्वतीय क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश व ओलावृष्टि ने किसानों की कमर तोड़कर रख दी है। किसान कड़ी मेहनत से उगाई गई अपनी फसलों को तबाह होते देख मायूस है। किसानों को हुए इस भारी नुकसान पर भारतीय किसान यूनियन भानू ने सरकार व प्रशासन से किसानों की फसलों को हुए नुकसान का जल्द से जल्द मुआवजा देने व कृषि ऋण माफ करने की मांग की है।
भारतीय किसान यूनियन की मांग
भारतीय किसान यूनियन जिला अध्यक्ष नवीन करायत व किसान नेताओं ने जिले में लगातार हो रही बारिश व ओलावृष्टि से किसानों की पुलम आडू आम लीची कीवी आदि के फल पूरी तरह नष्ट हो गए हैं इसके अलावा टमाटर कद्दू शिमला मिर्च बैगन राजमा गेहूं की फसल पूरी तरह तबाह हो चुकी है जंगलों में काफल को काफी नुकसान पहुंचा है। किसान नेताओं ने कहा लोहाघाट क्षेत्र के फोर्ती गुड़मागल सुई बिसंग खेतीखान व बाराकोट क्षेत्र में किसानों के द्वारा उगाई गई सब्जी व फलों को भारी नुकसान पहुंचा है। जिससे किसानों की कमर पूरी तरह टूट चुकी है। उन्होंने कहा सब्जी उत्पाद किसानों की आर्थिक का मजबूत आधार है पर ओलावृष्टि ने किसानों को बड़ी आर्थिक चोट पहुंचाई है। भारतीय किसान यूनियन ने सरकार व प्रशासन से प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर किसानों को हुए नुकसान का मुआवजा देने व कृषि ऋण माफ करने की मांग की है।