मध्यप्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में हुए क्रूज हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। इसके साथ ही NDRF और SDRF ने सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन समाप्त कर दिया है।रविवार 3 मई 2026 को हादसे के चौथे दिन सुबह करीब 6 बजे एक 8 वर्षीय बच्चे का शव बरामद किया गया, जबकि दोपहर से पहले एक युवक का शव भी मिल गया। दोनों शव घटना स्थल के पास ही पाए गए। बच्चे की पहचान मयूरन और युवक की पहचान कामराज के रूप में हुई है। दोनों त्रिची, तमिलनाडु के निवासी थे और आपस में चाचा-भतीजे का रिश्ता रखते थे।
परिवार संग घूमने आए, लौटे सिर्फ दो बच्चे
जानकारी के अनुसार, कामराज जबलपुर आयुध निर्माण फैक्टरी में मशीन ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था। कुछ दिन पहले उसके ससुराल पक्ष के लोग तमिलनाडु से जबलपुर आए थे। कामराज अपनी पत्नी, दो बच्चों और रिश्तेदारों के साथ घूमने निकला था। सभी पहले भेड़ाघाट पहुंचे, जहां उन्होंने रोप-वे का आनंद लिया। इसके बाद दोपहर में सभी बरगी डैम पहुंचे, जहां यह हादसा हुआ। इस दुर्घटना में 10 और 12 साल के दो बच्चे सुरक्षित बच गए।
कार्गो विमान से गृह राज्यों भेजे जा रहे शव
NDRF और SDRF की टीमों ने लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया। हादसे में जान गंवाने वाले पर्यटकों के शव उनके गृह राज्यों भेजे जा रहे हैं। रविवार को कार्गो विमान के माध्यम से शवों को रवाना किया गया। मृतकों में तमिलनाडु और दिल्ली के निवासी शामिल हैं। इससे पहले शनिवार को दो बच्चों के शव बरामद किए गए थे।