ग्वालियर में आज राज्य स्तरीय दुग्ध उत्पादक एवं पशुपालक सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। इस मौके पर वे विभागीय योजनाओं के तहत लाभान्वित हितग्राहियों को स्वीकृति प्रमाण-पत्र भी वितरित करेंगे। कार्यक्रम में पशुपालन एवं डेयरी राज्यमंत्री लखन पटेल की भी मौजूदगी रहेगी। यह सम्मेलन राज्य को दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में आगे बढ़ाने और ‘मिल्क कैपिटल’ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाते हुए सरकार पशुपालन और डेयरी सेक्टर को मजबूत करने पर जोर दे रही है।
20 हजार पशुपालक हो रहे शामिल
सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 20 हजार पशुपालक, दुग्ध उत्पादक, सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि और लाभार्थी शामिल हो रहे हैं। इस दौरान मैत्री कार्यकर्ता, उत्कृष्ट पशुपालक, क्षीरधारा ग्रामों के सरपंच और सहकारी दुग्ध समिति के सदस्य अपने अनुभव साझा करेंगे।
सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही
कार्यक्रम स्थल पर पशुपालन एवं डेयरी विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई गई है, जिसमें दुग्ध उत्पादन से जुड़ी आधुनिक तकनीक और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। सरकार का उद्देश्य इस आयोजन के जरिए दुग्ध उत्पादन बढ़ाना, आधुनिक पशुपालन को बढ़ावा देना और सहकारिता के माध्यम से पशुपालकों की आय में वृद्धि करना है।