चार धाम यात्रा को लेकर बड़ा प्रशासनिक और धार्मिक निर्णय लिया गया है। बद्री-केदार मंदिर समिति ने केदारनाथ मंदिर परिसर में मोबाइल फोन के उपयोग पर कड़ा प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है। समिति की बोर्ड बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है और इसके लिए अब एक मानक संचालन प्रक्रिया SOP भी तैयार की जा रही है।
प्रमुख धार्मिक स्थलों के अनुभवों के आधार पर फैसला
समिति अध्यक्ष ने बताया कि यह कदम देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों जैसे सोमनाथ काशी विश्वनाथ महाकालेश्वर और बालाजी मंदिरों के अनुभवों के आधार पर उठाया गया है। दरअसल केदारनाथ धाम में मंदिर परिसर में दर्शन के बाद कई श्रद्धालु यूट्यूबर और ब्लॉगर लंबे समय तक रुकते हैं जिससे अन्य श्रद्धालुओं को दर्शन करने में कठिनाई होती है।
तीर्थ पुरोहितों और यात्रा से जुड़े लोगों की मांग पर यह प्रस्ताव पारित किया गया। इसके तहत मंदिर परिसर के निर्धारित दायरे—करीब 50 से 60 मीटर—के भीतर मोबाइल फोन के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। विशेष रूप से गर्भगृह और मुख्य मंदिर परिसर में मोबाइल फोन का उपयोग पूरी तरह से बंद रहेगा।
मंदिर समिति का उद्देश्य दर्शन और पूजा की शांति बनाए रखना और सभी श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक वातावरण सुनिश्चित करना है। SOP लागू होने के बाद श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में मोबाइल उपयोग से संबंधित नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा।
यह निर्णय न केवल श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए है बल्कि मंदिर परिसर में अनुशासन बनाए रखने और धार्मिक वातावरण को संरक्षित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Comments (0)