19 अप्रैल से शुरू होने वाली चार धाम यात्रा को लेकर हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। श्रद्धालुओं की भारी आमद को देखते हुए विभाग द्वारा होटल ढाबों और खाद्य पदार्थ बेचने वाले प्रतिष्ठानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीमें गठित
जगह-जगह सैंपलिंग लेकर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांची जा रही है ताकि यात्रा के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को शुद्ध और सुरक्षित भोजन मिल सके। विभाग की टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय हैं और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा रही है। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीमें गठित की गई हैं जो लगातार विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर रही हैं। उन्होंने कहा कि हमारी टीम होटल ढाबों और खाद्य विक्रेताओं के यहां नियमित जांच कर रही है। बीते दिनों एफएसयू फूड सेफ्टी यूनिट के साथ भी संयुक्त निरीक्षण किया गया है और लगातार सैंपलिंग की जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को शुद्ध व गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री मिल सके। उन्होंने यह भी बताया कि चार धाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालु किसी भी प्रकार की शिकायत टोल फ्री नंबर पर दर्ज करा सकते हैं वहीं उच्च अधिकारी भी समय-समय पर मॉनिटरिंग कर रहे हैं।