हरिद्वार में चार धाम यात्रा को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। यात्रा के लिए ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन व्यवस्था को सुचारु बनाने हेतु पर्यटन विभाग पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जानकारी के अनुसार शहर के ऋषिकुल मैदान में ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए विशेष काउंटर लगाए जाएंगे। इसके लिए बड़े स्तर पर पंडाल तैयार किया जा रहा है ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
20 काउंटरों पर ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा
पिछले वर्ष की तरह इस बार भी करीब 20 काउंटरों पर ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध होगी। इनमें महिलाओं और विदेशी नागरिकों के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए जा रहे हैं जिससे रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया आसान और व्यवस्थित रह सके।
पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रजिस्ट्रेशन सेंटर पर बैठने की पर्याप्त व्यवस्था पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। जिला पर्यटन अधिकारी के अनुसार 10 अप्रैल तक सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी। इसके बाद 17 अप्रैल से ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू कर दी जाएगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि चार धाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं और सुगम अनुभव प्रदान किया जा सके।