कोलकाता - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की संभावित विजय और बदलाव के एजेंडे को लेकर आज तीखे तेवर में बयान दिया। उन्होंने TMC पर भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण के गंभीर आरोप लगाए और कहा कि भाजपा ही भरोसे और विकास का विकल्प पेश कर सकती है।
TMC ने सिंडिकेट का गुंडा-राज चलाया है
पीएम मोदी ने आगे अपने संबोधन में कहा कि, TMC ने सिंडिकेट का गुंडा-राज चलाया है। जहां कट मनी और कमीशन के बिना कुछ नहीं चलता। फैक्ट्रियां भी सिर्फ भरोसे से चल सकती हैं और यह भरोसा सिर्फ भाजपा दे सकती है। जिन-जिन राज्यों में भाजपा की सरकार है, उन राज्यों का विकास यह भरोसा पैदा करता है कि पश्चिम बंगाल में भी हम ऐसा ही विकास करके दिखाएंगे। भय को विदाई देंगे।
युवाओं और नौकरियों पर TMC की आलोचना
अपने इस संबोधन में पीएम मोदी ने आगे कहा कि, TMC ने बंगाल के युवाओं को डबल धोखा दिया है। यहां प्राइवेट सेक्टर में नौकरियां नहीं हैं और सरकारी भर्तियों में TMC के मंत्री लूट कर रहे हैं। TMC के भ्रष्टाचारियों ने हजारों युवाओं और उनके परिवारों के सपनों को कुचल दिया है।
तुष्टिकरण और आरक्षण पर निशाना
प्रधानमंत्री ने TMC पर धार्मिक तुष्टिकरण का आरोप लगाते हुए कहा, “TMC अपने वोट बैंक को खुश करने के लिए धर्म के आधार पर आरक्षण देने में जुटी है। कोर्ट बार-बार इस साजिश को खारिज करता है, लेकिन तुष्टिकरण की यह बीमारी ऐसी है कि ये कोर्ट और संविधान को नहीं मानते। माहिष्य समुदाय की मांग पूरी करने के बजाय बहाने बनाए जा रहे हैं क्योंकि यह TMC का वोट बैंक नहीं है।
भाजपा सरकार संविधान के अनुसार काम करेगी
इस दौरान पीएम मोदी ने राज्य की जनता को भरोसा दिलाया है कि, भाजपा सरकार संविधान के अनुसार काम करेगी। जिसका जो हक है, वह हक उसे दिलाया जाएगा।इस बयान में प्रधानमंत्री ने भाजपा को भरोसे और विकास का विकल्प बताते हुए TMC पर भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और युवाओं के अवसरों पर रोक के आरोप लगाए। यह बयान पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की रणनीति को स्पष्ट करता है।