कोलकाता - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की संभावित जीत और परिवर्तन के संदेश को लेकर आज बयान दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा का विजय उत्साह और उमंग में दिखाई दे रहा है, और यह TMC की निर्मम सरकार की विदाई का संकेत है।
परिवर्तन की आंधी बन रही भाजपा की विजय
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि, मैंने देखा है कि बंगाल ने इस बार हर विपरीत परिस्थिति को पराजित करने का निर्णय लिया है। यह परिवर्तन की आंधी है। उन्होंने नंदीग्राम का उदाहरण देते हुए कहा कि 5 साल पहले वहां बदलाव की राह दिखाई थी और अब पूरा पश्चिम बंगाल उसी परिवर्तन के रास्ते पर चल पड़ा है। प्रधानमंत्री ने भवानीपुर और पूरे राज्य में इसी बदलाव की संभावना पर जोर दिया।
बंगाल का यह चुनाव सामान्य चुनाव नहीं है
उन्होंने कहा कि, बंगाल का यह चुनाव सामान्य चुनाव नहीं है। यह बंगाल के वैभव को फिर से स्थापित करने का चुनाव है। यह विकसित बंगाल की नींव मजबूत करने का चुनाव है। इसका पहला कदम निर्मम सरकार की विदाई होगा। प्रधानमंत्री मोदी ने टीएमसी पर निशाना साधते हुए कहा, “भारत तेज़ गति से प्रगति कर रहा है, लेकिन TMC बंगाल को पीछे खींच रही है। कभी बंगाल भारत की प्रगति का आधार था, मैन्युफैक्चरिंग और व्यापार को मजबूती देता था, लेकिन टीएमसी ने इसे विकास के पैमानों पर नीचे ला दिया।
हल्दिया सदियों पहले ऐतिहासिक और समृद्ध नगर था
पीएम ने हल्दिया का उदाहरण देते हुए कहा कि, हल्दिया सदियों पहले ऐतिहासिक और समृद्ध नगर था। यहां से दुनिया भर में व्यापार होता था और यह आधुनिक भारत के बड़े औद्योगिक केंद्रों में से एक था। लेकिन पिछले दशकों में फैक्ट्रियों में ताले लग गए हैं और काम की तलाश में लोग दूसरे राज्यों की ओर पलायन कर रहे हैं। प्रधानमंत्री के इस बयान में भाजपा के परिवर्तन और विकास के एजेंडे को स्पष्ट रूप से सामने रखा गया है और उन्होंने टीएमसी सरकार की आलोचना करते हुए पश्चिम बंगाल के भविष्य के लिए भाजपा की विजयी संभावना को प्रमुखता दी।
उन्होंने अपने संबोधन में आगे टीएमसी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, टीएमसी की निर्मम सरकार में सिर्फ और सिर्फ घुसपैठियों की “फैक्ट्री” फली-फुली है। टीएमसी की निर्मम सरकार में फर्जी दस्तावेज बनाना और पशुओं की तस्करी इसी का विकास हुआ है। ये इसलिए हुआ क्योंकि TMC की राजनीति भय पर आधारित है। उनकी राजनीति का एक ही केंद्र है भय।